Rain Alert: महाराष्ट्र, केरल, गोवा के लिए IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, दिल्ली में बारिश की संभावना

Weather Update: देश के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गोवा और केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में पूरे दिन बारिश की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही आंधी भी चल सकती है। वहीं आज दिल्ली में भी बारिश की संभावना जताई गई है

अपडेटेड Jul 16, 2024 पर 10:40 AM
Weather Update: मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है।

देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। दक्षिण के राज्यों में ज्यादा पानी बरस रहा है। इस बीच मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने आज (16 जुलाई 2024) महाराष्ट्र, केरल और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए मौसम विभाग ने इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग ने अनुमान जताया है इस हफ्ते देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत आसपास के अलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम एजेंसी ने कहा था कि मानसून अब नीचे की ओर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और कोंकण गोवा के तटीय इलाकों में 20 सेमी से अधिक बारिश हो सकती है।

भारी बारिश से महाराष्ट्र में लोग हुए बेघर


मौसम विभाग ने आज (16 जुलाई 2024) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा और कोल्हापुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं केरल की अगर बात करें तो मौसम विभाग ने केरल के मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट और एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड और वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से ठाणे के भिवंडी इलाके में कामवारी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे इलाके में बाढ़ आ गई है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया। सुल्तानिया गली इलाके में घुटनों तक पानी भर जाने के कारण दर्जनों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं।

कर्नाटक में बारिश से हाल बेहाल

कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक और तटीय इलाकों के लिए आज (16 जुलाई 2024) रेड अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को भारी बारिश के कारण अरागा, चेंडिया, इदुरु और तोदुरु गांवों के कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए। कोडगु जिले में आंधी-तूफान के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।

दिल्ली में मौसम का हाल

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग ने मंगलवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। बता दें कि दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार सुबह बारिश हुई और अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 17 से 19 जुलाई तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

Mumbai Rains: मुंबई में मूसलाधार बारिश, ट्रैफिक जाम, ट्रेनों के समय में बदलाव, हाई टाइड की चेतावनी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।