IMD Rains Alert: बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान कर्नाटक सहित दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है

अपडेटेड Sep 07, 2022 पर 7:27 PM
IMD ने कर्नाटक में आज यानी 7 सितंबर को भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है

IMD Rains Alert: बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे के दौरान निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे इस सप्ताह पश्चिम बंगाल सहित कुछ अन्य राज्यों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, अगले 24 घंटों में तेज हवाएं और भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 4 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।

IMD वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसके बाद स्पेल कम होने की संभावना है। मौसम विभआग ने कहा कि इसके अलावा ओडिशा और महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Bengaluru Floods: आलीशान घर, महंगे फर्नीचर, लग्जरी कार सब हुईं पानी-पानी, होटलों में ठहरे हैं कई अरबपति परिवार


एजेंसी ने यह भी कहा कि कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी मध्य और उससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर केरल तक रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हो सकता है। इस बीच बेंगलुरु के विभिन्न स्थानों पर 5 सितंबर की रात को हुई भारी बारिश के कारण उपजी स्थिति बुधवार को भी कमोबेश वैसी ही बनी रही। सड़कों पर जलभराव है तथा घर और वाहन आंशिक रूप से जलमग्न हैं।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी

- IMD ने कर्नाटक में 7 सितंबर बुधवार को भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 7 से 9 सितंबर के दौरान तटीय कर्नाटक में, 8 सितंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में, 9 और 10 सितंबर को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

- इसी तरह की स्थिति 8-10 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में होने की उम्मीद है। इसके अलावा केरल और माहे में भी 7 और 8 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है।

- मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा और महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 8 और 9 सितंबर को बहुत भारी बारिश होगी।

- 9 और 10 सितंबर को ओडिशा में, 11 सितंबर को गुजरात में, 8-11 सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में और 9-11 सितंबर के दौरान कोंकण एवं गोवा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

- 11 सितंबर तक उत्तर-पूर्वी भारत में भारी बारिश होगी। 7 और 8 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में, 10 और 11 सितंबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।