इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बुधवार एक बयान में जानकारी दी कि ओडिशा के सात जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों में सुंदरगढ़, झारसुगुडा, कटक, खोरधा, पुरी और संबलपुर सहित 7 जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ कुछ जिलों में गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
ओडिशा में लगातार हो रही बारिश से मंगलवार को कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश होने की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर सक्रिय है, जिसमें संबंधित चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है।
IMD ने कहा कि संबलपुर, सोनपुर, बौध, बोलांगीर, अंगुल, देवगढ़, बारगढ़, सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिले में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है और इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने नुआपाड़ा, कालाहांडी, कंधमाल, नयागढ़, कटक, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में फिर लौटेगा बारिश का दौर
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के चलते राजस्थान में मानसून के फिर से सक्रिय होने और अगले तीन दिनों में कई जगहों पर भारी से अति भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के प्रवक्ता ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव वाला क्षेत्र बुधवार को उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर सक्रिय है। अगले दो दिनों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।
प्रवक्ता के मुताबिक, संबंधित क्षेत्र के प्रभाव से अगले 4-5 दिन पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर एवं अजमेर संभाग के अधिकतर भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिनों के दौरान भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और 22 सितंबर को एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की भी आशंका है। इसके अलावा, आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य में बादल गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
प्रवक्ता के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्से में छुटपुट स्थानों पर बादल गरजने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, बीते 24 घंटे में राज्य में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 88 मिलीमीटर बारिश बांसवाड़ा के घाटोल में हुई है।
दिल्ली में अगले 5 दिन हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले पांच दिन बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके चलते सड़कों पर जलभराव होने से कई जगह भारी यातायात जाम लग गया।
IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से, शहर में भारी बारिश की कमी कुछ हद तक दूर हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सही रखने व तापमान को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। IMD के अनुसार, शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।