Shraddha Murder Case: श्रद्धा वाल्कर (Shraddha Walker) की हत्या के मामले (Murder Case) में हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में सामने आया है कि करीब दो साल पहले श्रद्धा ने महाराष्ट्र (Maharashtra) में पुलिस शिकायत (Police Complaint) में आरोप लगाया था कि उसके लिव-इन-पार्टनर आफताब आमीन पूनावाला (aftab Poonawala) ने उसे मारने की कोशिश की है। उसे डर है कि वह उसके टुकड़े-टुकड़े कर के फेंक देगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। 28 साल के आफताब पूनावाला पर 27 साल की अपनी लिव-इन-पार्टनर श्रद्धा की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े करने का आरोप है।
श्रद्धा ने 23 नवंबर 2020 को एक शिकायत में आरोप लगाया था कि आफताब उसके साथ मारपीट करता है और उसके माता-पिता को इसकी जानकारी है। दरअसल आफताब और श्रद्धा की मुलाकात एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई में एक कॉल सेंटर में साथ काम करना शुरू किया और दोनों के बीच वहीं से प्रेम संबंध शुरू हुए। बाद में वे दिल्ली आ गए थे।
दोनों के बीच कथित तौर पर 18 मई को शादी को लेकर बहस हुई, जिसके बढ़ने पर आफताब ने श्रद्धा की हत्या कर दी और उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए। आफताब ने दक्षिणी दिल्ली के महरौली में अपने घर पर करीब तीन हफ्ते तक इन टुकड़ों को 300 लीटर के फ्रिज में रखा।
वह कई दिन तक आधी रात को उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में फेंकने के लिए जाता रहा। श्रद्धा महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई की रहने वाली थी।
पालघर के तुलिंज थाने में नवंबर 2020 को की गई शिकायत में श्रद्धा ने आरोप लगाया था, "आफताब उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता है।"
श्रद्धा ने शिकायत में कहा था, "आज उसने मेरा गला घोंटकर मारने की कोशिश की। मुझे धमकी दी कि वह मुझे मार डालेगा। मेरे टुकड़े-टुकड़े कर देगा और कहीं फेंक देगा। वह पिछले छह महीने से मेरे साथ मारपीट कर रहा है, लेकिन मुझमें पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं थी, क्योंकि उसने मुझे मारने की धमकी दी थी।"
श्रद्धा ने पुलिस से कहा था, "मेरे माता-पिता को पता है कि वह मेरे साथ मारपीट करता है और उसने मुझे जान से मारने की कोशिश भी की।" श्रद्धा ने पत्र में बताया था कि आफताब के माता-पिता को पता है कि वह साथ रह रहे हैं और वह वीकेंड में उनसे मिलने भी आते हैं।
श्रद्धा ने पत्र में कहा, "मैं आज तक उसके साथ इसलिए रह रही थी, क्योंकि हम जल्द ही शादी करने वाले थे और उसके माता-पिता भी इसके लिए राजी थे। अब आगे मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती। इसलिए अब मुझे कोई भी शारीरिक चोट पहुंचती है, तो उसके लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, क्योंकि वह मुझे धमकी दे रहा है कि अगर मैं उसे कहीं भी दिख गई, तो वह मुझे मारेगा या मेरी हत्या कर देगा।"
Shraddha Murder Case: आफताब का हुआ पॉलीग्राफ टेस्ट
वहीं दूसरी तरफ अदालत के दिल्ली पुलिस को अनुमति देने के बाद मंगलवार को पूनावाला का पॉलीग्राफ टेस्ट (Polygraph test) किया गया था। जांचकर्ताओं को उस फ्लैट में खून के धब्बे मिले हैं जहां, श्रद्धा और आफताब रहते थे। साथ ही पुलिस को और भी कई साक्ष्य हाथ लगे हैं।
आरोपी के वकील अविनाश कुमार के अनुसार, आफताब ने मंगलवार को अदालत से कहा था कि ‘आवेश में आकर’ उससे ऐसा हो गया और वह ‘जानकर’ ऐसा नहीं करना चाहता था।
पूनावाला से बात करने के बाद कुमार ने कहा कि उसने (आफताब ने) अदालत में ‘वाल्कर की हत्या करने की बात कभी स्वीकार नहीं की।’
वहीं सूत्रों के अनुसार, पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए कई सारे सवालों की एक लिस्ट तैयार की गई थी, ताकि इस जघन्य हत्याकांड में घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।