Sonali Phogat Death: सोनाली फोगाट के साथियों ने ड्रिंक में मिलाकर पिलाया 'घातक' नशीला पदार्थ, CCTV फुटेज भी आया सामने

सोनाली को ड्रिंक में उनके दो सहयोगियों ने एक पार्टी के दौरान नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। संभवत: इसके चलते फोगाट की मौत हुई। यह दोनों फोगाट ‘हत्याकांड’ में आरोपी हैं। गोवा पुलिस (Goa Police) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी

अपडेटेड Aug 26, 2022 पर 9:47 PM
सोनाली फोगट के साथियों ने ड्रिंग में मिलाकर पिलाया 'घातक' नशीला पदार्थ

Sonali Phogat Death: गोवा (Goa) में BJP नेता सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) की मौत के पीछे के रहस्य का खुलासा शुक्रवार को तब हुआ, जब पुलिस ने ड्रग ओवरडोज (Drug Overdose) के कारण हत्या की पुष्टि की। सोनाली को ड्रिंक में उनके दो सहयोगियों ने एक पार्टी के दौरान नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। आशंका है कि इसके चलते ही फोगाट की मौत हुई। यह दोनों फोगाट ‘हत्याकांड’ में आरोपी हैं। गोवा पुलिस (Goa Police) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 42 साल की फोगाट की हत्या के पीछे की वजह ‘आर्थिक हित’ हो सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों - सुधीर सांगवान और सुखविंदर सिंह - को गिरफ्तार कर लिया गया है, ताकि वे सबूतों से छेड़छाड़ और गवाहों को प्रभावित न कर सकें।

पुलिस इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह बिश्नोई ने बताया कि दोनों आरोपी ड्रिंक में ‘कुछ रासायनिक पदार्थ’ मिलाते देखे गए थे, जिसे अंजुना के रेस्टोरेंट में हुई पार्टी में फोगाट को पिलाया गया। सांगवान और सिंह 22 अगस्त को फोगाट के साथ गोवा गए थे।


बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान उत्तरी गोवा में अंजुना के रेस्टोरेंट में फोगाट को जानबूझकर नशीला पदार्थ पिलाने की बात स्वीकार की है। यह घटना 22-23 अगस्त की आधी रात की है।

सामने आया मौत से पहले का CCTV फुटेज

उन्होंने कहा कि अंजुना पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच अधिकारी ने रेस्टोरेंट के CCTV फुटेज की पड़ताल की, जिसमें पाया गया कि सांगवान ने कथित तौर पर जबरन फोगाट को ड्रिंक पिलाई।

उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को तड़के करीब 4:30 बजे दोनों आरोपी फोगाट को वॉशरूम ले गए थे, जहां तीनों लोग दो घंटे तक अंदर ही रहे थे।

बिश्नोई ने कहा कि हिरासत में पूछताछ के बाद ही यह पता चल पाएगा कि उन दो घंटे के दौरान क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि पार्टी के दौरान आरोपियों के साथ दो महिलाएं भी थीं और इन्हें केक काटते देखा गया था।

पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि दोनों महिलाओं से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फोगाट के शव पर ‘चोट के कई निशान’ होने से जुड़े सवाल पर बिश्नोई ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में कहा है कि फोगाट को अस्पताल ले जाने के दौरान खंरोच लगने के कारण ऐसा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि फोगाट को अस्पताल ले जाने पर उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नजर नहीं आ रहे थे, इसलिए डॉक्टरों ने संदेह जताया था कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना हो सकता है।

बिश्नोई ने कहा कि ऐसा लगता है कि फोगाट की मौत नशीले पदार्थ के कारण हुई है।

सोनाली फोगाट के शरीर पर नुकीली चीज से चोट के मिले कई निशान! पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा, हत्या का केस दर्ज

बिश्नोई ने कहा कि पुलिस उन टैक्सी ड्राइवर्स का भी बयान दर्ज करेगी, जिनमें से एक फोगाट को रेस्टोरेंट से होटल लेकर आया था और दूसरा फोगाट को अस्पताल लेकर गया था।

गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के बृहस्पतिवार सुबह फोगाट के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद अंजुना पुलिस ने ‘‘अप्राकृतिक मौत’’ के मामले में हत्या का आरोप जोड़ा था। पुलिस ने बताया था कि रिपोर्ट में उनके शरीर पर ‘गहरी चोट के कई निशान’ होने की बात कही गई है।

TikTok ऐप से शोहरत हासिल करने वाली हरियाणा के हिसार जिले की बीजेपी नेता फोगाट 22 अगस्त को सांगवान और सिंह के साथ गोवा आईं और अंजुना में एक होटल में ठहरी थीं।

तबीयत ठीक न लगने की शिकायत के बाद 23 अगस्त को सुबह उन्हें सेंट एंथनी अस्पताल ले जाया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तब दिल का दौरा पड़ने के कारण उनकी मौत होने की आशंका जताई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।