सोनाली फोगाट के शरीर पर नुकीली चीज से चोट के मिले कई निशान! पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा, हत्या का केस दर्ज

Sonali Phogat Death Case: बीजेपी नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि सोनाली के शव पर चोट के कई निशान मिले हैं

अपडेटेड Aug 25, 2022 पर 7:44 PM
Sonali Phogat मौत मामले में सुधीर सांगवान और सुखविंदर वासी को आरोपी बनाया गया है

Sonali Phogat Death Case: गोवा पुलिस ने गुरुवार को कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट के शरीर पर नुकीली चीज से चोट के कई निशान थे। फोगाट के पोस्टमॉर्टम में उनके शरीर पर ‘किसी नुकीली चीज से कई बार चोट पहुंचाने' की बात सामने आई है। साथ ही गोवा पुलिस ने कहा कि सोनाली फोगट की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 42 वर्षीय फोगाट की मौत से जुड़े मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या) को जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि मामले में सुधीर सांगवान और सुखविंदर वासी को आरोपी बनाया गया है।

अधिकारी ने बताया कि सोनाली फोगाट की मौत के मामला में उनके सहयोगी सुखविंदर वासी और PA सुधीर सांगवान को अंजुना पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। हालांकि, अधिकारी ने कहा कि फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।


ये भी पढ़ें- Sonali Phogat Death: गोवा पुलिस ने सोनाली फोगाट की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया हत्या का केस

फोगाट 22 अगस्त को जब गोवा पहुंची थीं तो सांगवान और वासी उनके साथ थे। सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने दोनों के खिलाफ बुधवार को अंजुना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। गुरुवार दिन में गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में फोगाट का पोस्टमॉर्टम किया गया।

सोनाली फोगाट की मंगलवार 23 अगस्त को मौत हो गई थी। शुरुआत में बताया गया कि हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हुआ। हालांकि, अब जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, उसमें दावा किया गया कि सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। किसी नुकीली चीज के ये निशान बताए जा रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक अंजुना थाने में 2 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक के भाई ने सोनाली के PA और एक अन्य के शामिल होने का जिक्र किया है। 1-2 घंटे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने की उम्मीद है। उनका पार्थिव शरीर आज रात दिल्ली पहुंचेगा।

मौत का कारण नहीं बताया गया

गोवा पुलिस को जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी गई है, उसमें सोनाली के मौत का कारण नहीं बताया गया है। सिर्फ इतनी जानकारी दी गई है कि उनके शरीर पर चोट के निशान हैं। परिस्थिति को देखते हुए सोनाली का विसरा और टिस्यू आगे की जांच के लिए भेजे दिए गए हैं। वहीं, गोवा पुलिस ने पूछताछ के लिए सुधीर और सुखबिंदर को गिरासत में लिया है। दोनों पर सोनाली के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

टिकटॉक से शोहरत हासिल करने वाली हरियाणा के हिसार की बीजेपी नेता फोगाट (42) को मंगलवार सुबह उत्तरी गोवा जिले के अंजुना इलाके के सेंट एंथोनी अस्पताल में मृत लाया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने पहले कहा था कि संभवत: दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का एक मामला दर्ज किया था।

भाई ने लगाया हत्या का आरोप

फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने बुधवार को दावा किया कि उनकी बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस द्वारा दोनों व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद ही परिवार पोस्टमॉर्टम की अनुमति देगा। मौत के दो दिन बाद उनके परिवार के सदस्यों की सहमति मिल जाने पर सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया।

सोनाली फोगाट के भाई ढाका ने गोवा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया था कि फोगाट की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की। उन्होंने कहा कि मौत से कुछ समय पहले सोनाली फोगाट ने अपनी मां, बहन और परिवार के एक अन्य व्यक्ति से बात की थी। ढाका ने कहा कि वह परेशान लग रही थीं और उन्होंने अपने दो सहयोगियों के खिलाफ शिकायत की।

ढाका ने यह भी दावा किया कि हरियाणा में उनकी बहन के फार्महाउस से सीसीटीवी कैमरे, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण चीजें उनकी मृत्यु के बाद गायब हो गई हैं। ढाका ने पुलिस शिकायत में आगे आरोप लगाया कि तीन साल पहले, उनकी बहन के एक सहयोगी ने खाना में कुछ मिलाने के बाद उनका यौन शोषण किया और बाद में उनको ब्लैकमेल किया।

इंस्टाग्राम पर 8,85,000 फॉलोअर्स

फोगाट के इंस्टाग्राम पर 8,85,000 फॉलोअर्स हैं और अपनी प्रोफाइल पर उन्होंने खुद को एक ‘‘मां, अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर’’ बताया है। उनके निधन की खबर के बाद कई लोगों ने इन पोस्ट पर कमेंट कर दुख जताया। फोगाट ने कुछ दिन पहले हिसार में जन्माष्टमी के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। कुछ साल पहले उनके पति का निधन हो गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।