Sonali Phogat Death: गोवा पुलिस ने सोनाली फोगाट की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया हत्या का केस

Sonali Phogat Death: गोवा के DGP जसपाल सिंह ने पहले कहा था कि मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि पोस्टमार्टम से ही मौत के सही कारण का पता चलेगा

अपडेटेड Aug 25, 2022 पर 5:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BJP नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

Sonali Phogat Death: गोवा पुलिस (Goa Police) ने गुरुवार को BJP नेता सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) की मौत की जांच के लिए हत्या का मामला दर्ज किया है। अभिनेता से नेता बनी 42 साल की अभिनेत्री का मंगलवार को गोवा (Goa) में संदिग्ध दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने से निधन हो गया और उनके परिवार ने उनकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।

गोवा के पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने कहा कि सोमवार देर रात एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के दौरान बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें नॉर्थ गोवा जिले के अंजुना के सेंट एंथोनी अस्पताल लाया गया था। उन्होंने मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि पोस्टमार्टम से ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।

अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सोनाली फोगाट के परिवार के सदस्यों की सहमति मिल जाने पर सरकारी अस्पताल में ऑटोप्सी की गई। रिपोर्ट के नजीते अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत का एक मामला दर्ज किया था।


फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने बृहस्पतिवार को पणजी के पास बम्बोलिम स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में शव का परीक्षण किया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बाद में, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में मीडिया से कहा कि राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) जसपाल सिंह, फोगाट की मौत के मामले की जांच की निजी तौर पर निगरानी कर रहे हैं। सावंत ने कहा कि DGP इस मामले की जांच के बारे में मीडिया को जानकारी देंगे।

शव की जांच बुधवार को GMCH में होना थी, लेकिन, फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने बुधवार को दावा किया कि उनकी बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस की तरफ से दोनों व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद ही परिवार पोस्टमॉर्टम की अनुमति देगा।

PTI के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह सोनाली फोगाट के भतीजे मोहिंदर फोगाट ने बताया कि परिवार ने इस शर्त के साथ पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दी है कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाए। उन्होंने कहा, "पुलिस ने हमें बताया है कि हमारी शिकायत के संबंध में पोस्टमार्टम के बाद FIR दर्ज की जाएगी।"

Sonali Phogat Death: सोनाली फोगाट की मौत के पीछे साजिश की आ रही बू! भाई ने PA पर लगाए सनसनीखेज आरोप

सोनाली फोगाट के भाई ढाका ने गोवा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया था कि फोगाट की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की। उन्होंने कहा कि मौत से कुछ समय पहले सोनाली फोगाट ने अपनी मां, बहन और परिवार के एक और व्यक्ति से बात की थी। ढाका ने कहा कि वह परेशान लग रही थीं और उन्होंने अपने दो सहयोगियों के खिलाफ शिकायत की।

ढाका ने यह भी दावा किया कि हरियाणा में उनकी बहन के फार्महाउस से CCTV कैमरे, लैपटॉप और दूसरी जरूरी चीजें उनकी मृत्यु के बाद गायब हो गई हैं। ढाका ने पुलिस शिकायत में आगे आरोप लगाया कि तीन साल पहले, उनकी बहन के एक सहयोगी ने खाना में कुछ मिलाने के बाद उनका यौन शोषण किया और बाद में उनको ब्लैकमेल किया था।

मुख्यमंत्री सावंत ने बुधवार को कहा कि राज्य पुलिस सोनाली फोगाट की मौत की विस्तृत जांच कर रही है। उन्होंने कहा था कि डॉक्टरों और DGP जसपाल सिंह की राय को देखते हुए ऐसा लगता है कि फोगाट की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।