Lionel Messi : फुटबाल की दुनिया के सुपरस्टार और अर्जेंटीना के खिलाड़ी लिओनेल मेसी ने अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है। मेसी ने 6 अक्टूबर, 2022 को कहा कि कतर में इस साल होने वाला वर्ल्ड कप (2022 World Cup) निश्चित रूप से उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। न्यूज एजेंसी एएफपी के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।
वर्ल्ड कप का बेसब्री से इंतजार
उन्होंने कहा, “क्या यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप है? हां, बिल्कुल, बिल्कुल। मैं शारीरिक रूप से स्वस्थ हूं, इस साल मेरे लिए यह अच्छा सीजन हो सकता है। मैं नेशनल टीम में हूं, मैं चोट से वापस लौटा हूं।”
मेसी ने कहा, मैं कतर में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। हालांकि इसे लेकर मैं थोड़ परेशान भी हूं कि क्या होगा। मेरा आखिरी विश्व कप है यह कैसा होगा। मैं चाहता हूं कि सब कुछ अच्छा हो।'
अर्जेंटीना को 27 साल बाद जिताई Copa America Trophy
मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना ने 2021 में 28 साल बाद Copa America Trophy जीती। इस टूर्नामेंट के फाइनल में अर्जेंटीना ने ब्राजील को हराया था। उनकी टीम को Qatar World Cup की फेवरेट टीमों में भी गिना जा रहा है। 35 वर्षीय मेसी ने कहा कि अर्जेंटीना को हमेशा ट्रॉफी का दावेदार माना जाता रहा है। फुटबॉल के खेल में अपनी बादशाहत कायम करने वाले मेसी अपनी नेशनल टीम अर्जेंटीना के लिए एक बार भी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए हैं।
मेसी कुल 164 इंटरनेशनल मैचों में 90 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने अर्जेंटीना की सीनियर टीम के लिए 2005 में डेब्यू किया था।
अर्जेंटीना के पास इस बार अच्छा मौका
अर्जेंटीना के पास साल 2014 का फीफा वर्ल्ड कप जीतने का अच्छा मौका था। इस वर्ल्ड कप में मेसी का प्रदर्शन शानदार रहा था और अर्जेंटीना फाइनल में गई थी, लेकिन उन्हें जर्मनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
मेसी बेशक अर्जेंटीना के लिए एक भी फीफा विश्व कप नहीं जीत पाए हों लेकिन इन बड़े टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है। उन्होंने 2014 फीफा वर्ल्ड कप, कोपा अमेरिका 2015 और 2021 में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड जीत चुके हैं। वर्ल्ड कप 2014 में उनका प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा था। उन्होंने इस साल के फीफा वर्ल्ड कप में चार बार मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा कोपा अमेरिका के एक सीजन में सबसे अधिक बार मैन ऑफ द मैच जीतने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।