श्रीनगर में सुरक्षा बलों के आतंकवाद विरोधी अभियान (Srinagar Anti-terror operation) के दौरान दो व्यापारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन में दो आतंकवादी मारे गए और मारे गए बिजनेसमैन "आतंकवादी समर्थक" थे। मारे गए बिजनेसमैन - डॉ मुदासिर गुल और अल्ताफ भट - की हैदरपोरा के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में दुकानें थीं, जहां कल शाम मुठभेड़ (Encounter) हुई थी।
मुदसिर गुल ने डेंटल सर्जन की ट्रेनिंग ली हुई थी, वह इस कॉम्प्लेक्स में एक कंप्यूटर सेंटर चलाते थे। अल्ताफ भट कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के मालिक थे और वहां हार्डवेयर और सीमेंट की दुकान भी चलाते थे। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इनकी मौत की जांच की मांग की।
महबूबा ने ट्वीट कर कहा, "निर्दोष नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करना, उन्हें क्रॉस फायरिंग में मारना और फिर आसानी से उन्हें OGQ के रूप में लेबल करना, अब भारत सरकार की रूल बुक का हिस्सा है। यह जरूरी है कि सच्चाई को सामने लाने और सजा से मुक्ति की इस प्रचलित संस्कृति को खत्म करने के लिए एक विश्वसनीय न्यायिक जांच की जाए।"
NDTV के मुताबिक, परिजनों का आरोप है कि सुरक्षाबलों ने व्यापारियों को मार गिराया, लेकिन पुलिस का कहना है कि दोनों या तो आतंकी फायरिंग में मारे गए या फिर क्रॉस फायरिंग के दौरान मारे गए।
परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हालांकि कहा कि कानून और व्यवस्था की स्थिति के कारण शवों को परिवारों को नहीं सौंपा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि चारों शवों को श्रीनगर से 100 किलोमीटर दूर उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा इलाके में दफनाया गया।
साइमा भट ने ट्वीट किया, "आपने मेरे मासूम चाचा मोहम्मद अल्ताफ भट को हैदरपोरा में निर्मम हत्या कर मार डाला, आपने उन्हें मानव ढाल की तरह इस्तेमाल किया और अब कह रहे हैं कि वह "OGW" हैं। हमें उनका शव लौटा दो।"
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजय कुमार ने कहा कि मुदासिर का कंप्यूटर सेंटर एक अनधिकृत कॉल सेंटर था, जिसमें छह कंप्यूटर थे।
विजय कुमार ने कहा, "हमने मुदासिर और अल्ताफ के परिवारों से दफन में शामिल होने के लिए संपर्क किया। क्योंकि हमें कानून-व्यवस्था की समस्या की आशंका है, इसलिए हम शवों को परिवारों को नहीं सौंप सकते। हम शवों को हंदवाड़ा ले गए और वहां उन्हें दफनाया गया।"
पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल बरामद किए गए हैं और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में चलाए जा रहे कॉल सेंटर का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों के लिए किया गया था।
शुरू में पुलिस ने कहा कि दोनों बिजनेसमैन घायल हुए और आखिरकार आतंकवादी गोलीबारी में मारे गए, लेकिन बाद में कहा कि वे क्रॉस फायरिंग में फंस गए होंगे।
IGP कुमार ने कहा, "मैं कह रहा हूं कि क्रॉस फायरिंग में अल्ताफ मारा गया। मैं यह नहीं कह रहा कि वह आतंकवादियों द्वारा मारा गया था या हमने उस पर गोली चलाई है। मुठभेड़ के दौरान किसकी गोली उन्हें लगी यह जांच का विषय है। अगर उन्हें पिस्टल की गोली लगी है, तो आतंकवादियों ने उन्हें मारा है, अगर AK राइफल से मारे गए है, तो हम कह सकते हैं कि उन्हें हमारी गोली लगी थी।"
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा बलों द्वारा संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू करने के तुरंत बाद काफी तेज फायरिंग शुरू हो गई।
अल्ताफ और मुदासिर के परिवारों ने कहा कि उन्होंने कई बार पुलिस थाने के चक्कर लगाए और मांग की कि शव उन्हें वापस कर दिए जाएं लेकिन उन्हें मना कर दिया गया।