राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर (Khatu Shyam temple) में सुबह भगदड़ मच गई। मंदिर में इन दिनों मेला लगा हुआ है। इस भगदड़ में तीन महिलाओं की मौत की खबर है। वहीं कई लोग घायल हुए हैं। जिन्हें सीकर और जयपुर के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह मंदिर खोलने के समय दर्शन के लिए मुख्य द्वार पर भीड़ थी। इसी दौरान कुछ लोग गिर गए और हालात बेकाबू हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के कई आला अफसर मौके पर पहुंच गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह 5 बजे मंदिर के प्रवेश द्वार खोलते ही भीड़ का दबाव बढ़ने की वजह से भगदड़ मच गई थी। इस दौरान कई महिला और पुरुष श्रद्धालु नीचे गिर गए और उन्हें उठने का मौका ही नहीं मिला। आनन-फानन में भीड़ को कंट्रोल किया गया और सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए घायलों को अस्पताल के लिए रेफर किया। जहां तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया। वहीं, इस घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। सभी घायलों को जयपुर रेफर किया गया है।
सीकर में है खाटू श्यामजी का मंदिर
राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम विश्व प्रसिद्ध मंदिर है। खाटूश्यामजी का मंदिर शहर के मध्य में बना हुआ है। इसमें पूजा के लिए एक बड़ा हॉल है। जिसे जगमोहन के नाम से जाना जाता है। गर्भगृह के द्वार और उसके आसपास को चांदी की परत से सजाया गया है। गर्भगृह के अंदर बाबा का सिर है। शीश को हर तरफ से खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। दर्शन के लिए देश-दुनिया के भक्त आते हैं। कोरोनाकाल के बाद अब खाटूश्याम में हर माह लगने वाले मासिक मेले में भी श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में रहती है। मंदिर का क्षेत्रफल काफी कम है।