Tamil Nadu Rain: तमिलनाडु में भारी बारिश से जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त! दर्जनों ट्रेनें रद्द, स्कूल-कॉलेज बंद

Tamil Nadu Rain: मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अधिकारियों को थमिराबरानी नदी का अतिरिक्त पानी 'नदी जोड़ो परियोजना' के तहत बनी नहर में छोड़ने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी जिलों में एक या दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Dec 18, 2023 पर 11:12 AM
Tamil Nadu Rain: लोगों को घर के अंदर रहने और नालों के पास न जाने के लिए कहा गया है

Tamil Nadu Rain: तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधारी बारिश की वजह से रोजमर्रा की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। पिछले 24 घंटों में तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी, रामनाथपुरम, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर और नागपट्टिनम जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई है। तूतीकोरिन, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तेनकासी और तूतीकोरिन जिलों में मूसलाधार बारिश की वजह से स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं, दर्जनों ट्रेनें भी रद्द हो गई हैं। इन जिलों में बचाव और राहत के लिए NDRF की टीम पहुंच गई है। लोगों को घर के अंदर रहने और नालों के पास न जाने के लिए कहा गया है।

दक्षिणी तमिलनाडु में रविवार को भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कन्याकुमारी सहित विभिन्न जिलों के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। तिरुनेलवेली में तमिरापरानी नदी भी उफान पर है। कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी जिलों में भारी और कुछ अन्य इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। दक्षिणी तमिलनाडु के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई जिसकी वजह से निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया।

राज्य के दक्षिणी जिलों के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है जिसे देखते हुए अधिकारियों ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए NDRF की टीम तैनात की गई हैं। स्थानीय अधिकारियों और पुलिस ने बाढ़ग्रस्त और संवेदनशील इलाकों से लोगों को राहत केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की।


मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अधिकारियों को थमिराबरानी नदी का अतिरिक्त पानी 'नदी जोड़ो परियोजना' के तहत बनी नहर में छोड़ने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी जिलों में एक या दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। वहीं दक्षिण तमिलनाडु के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।

ये भी पढ़ें- 'शी जिनपिंग 16 जून को कभी नहीं भूल पाएंगे', पूर्व सेना प्रमुख ने सुनाई 2020 गलवान घाटी झड़प की अनसुनी कहानी

राज्य सरकार ने बारिश प्रभावित चार जिलों में राहत कार्यों की निगरानी और प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए चार IAS अधिकारियों को भी नियुक्त किया है। इस बीच, मुख्य सचिव शिव दास मीना ने जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक की और उन्हें खराब मौसम के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए उपाय करने का निर्देश दिया।

रद्द ट्रेनों की लिस्ट

भारी बारिश से राज्य में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जिसके कारण कई ट्रेनों को पूर्ण या आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा।

- तिरुनेलवेली-तिरुचेंदुर अनरिजर्व स्पेशल

- तिरुचेंदुर-तिरुनेलवेली अनरिजर्व स्पेशल

- तिरुनेलवेली-चेन्नई एग्मोर वंदे भारत एक्सप्रेस

- चेन्नई एग्मोर-तिरुनेलवेली वंदे भारत एक्सप्रेस

- तिरुनेलवी-जामनगर एक्सप्रेस

- तिरुचेंदुर-पलक्कड़ एक्सप्रेस

- वांची मनियाची-तूतीकोरिन अनरिजर्व स्पेशल

- तूतीकोरिन-वांची मनियाची अनरिजर्व स्पेशल

- तिरुनेलवेली-तूतीकोरिन अनरिजर्व स्पेशल

- तूतीकोरिन-तिरुनेलवेली अनरिजर्व स्पेशल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।