Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु में बारिश से 3 लोगों की मौत, 500 ट्रेन यात्री फंसे, वायुसेना बचाव अभियान में जुटीं

Tamil Nadu Rains: मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। अब तक करीब 7,500 लोगों को उनके घरों से राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और राहत पहल पर चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं

अपडेटेड Dec 19, 2023 पर 12:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tamil Nadu rains: अब तक करीब 7,500 लोगों को उनके घरों से राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है

Tamil Nadu rains updates: मूसलाधार बारिश ने तमिलनाडु के कई जिलों को तबाह कर दिया है। राज्य के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के बाद लोगों का जन जीवन ठप हो गया है। भारतीय वायु सेना, आर्मी और अन्य बचाव दल राहत अभियान चला रहे हैं। इस बीच, मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। अब तक करीब 7,500 लोगों को उनके घरों से राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और राहत पहल पर चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी सबसे अधिक प्रभावित जिले हैं, जहां सड़कें, पुल और धान के खेत पानी में डूब गए हैं। इन जिलों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। श्रीवैकुंटम स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन में फंसे 800 यात्रियों में से लगभग 300 को चार राज्य परिवहन बसों और दो मिनी वैन का उपयोग करके पास के सरकारी स्कूलों में शिफ्ट कर दिया गया है। रास्ते में पुल बहने के कारण बाकी 500 यात्रियों को नहीं ले जाया जा सका। वह अभी भी फंसे हुए हैं। फंसे हुए रेल यात्रियों के लिए मदुरै से खाद्य सामग्री के साथ एक हेलिकॉप्टर श्रीवैकुंटम भेजा गया है।

100 से अधिक घर जलमग्न


मूसलाधार बारिश से दक्षिण तमिलनाडु के तिरुनेलवेली और थूथुकुडी सहित कई क्षेत्र जलमग्न हैं। यहां स्थित गांव, कस्बे, सड़कें और हाइवे में बाढ़ का पानी नदियों की तरह उफना रहा है। बाढ़ का पानी घुसने के कारण तिरुनेलवेली के सीवलापेरी इलाके में अनेक स्थानीय निवासियों ने दो मंजिला घरों की छत पर शरण ली है। मीनाक्षीपुरम में भी कुछ ऐसा ही नजारा है। नागरकोइल के नेसावलर कॉलोनी में 100 से अधिक घर जलमग्न हो गए, जिसके बाद अधिकारियों ने लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला और उन्हें राहत केंद्रों में भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले उन्होंने ऐसे हालात नहीं देखे।

पानी के कारण हुए मिट्टी के कटाव से श्रीवैकुंडम में रेलवे ट्रैक के बीच की गिट्टी बह गई और पटरियां लटक गई हैं। थूथुकुडी और तिरुनेलवेली के कई स्थानों पर पानी का स्तर चार फुट से ऊपर चला गया है और दोनों दक्षिणी शहरों में बस टर्मिनल बड़े स्विमिंग पूल की तरह नजर आ रहा है। कोविलपट्टी सहित अन्य स्थानों पर भी हालात ऐसे ही हैं। राजपलायम के पास एक रिहायशी कॉलोनी में बारिश से संबंधित घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत की आशंका है। थमिराबरानी में कई नदियां उफान पर हैं।

तमिलनाडु सरकार देगी 6,000 रुपये की नकद सहायता

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को 6,000 रुपये की नकद सहायता देने की शुरुआत की है। राज्य सरकार ने नकद सहायता प्रदान करने के लिए 1,486.93 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं जिससे चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट और कांचीपुरम जिलों के लगभग 25 लाख परिवारों को लाभ होगा। स्टालिन ने भारी बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में से एक वेलाचेरी में परिवारों की महिला मुखियाओं को नकद सहायता राशि देकर बाढ़ राहत वितरण की शुरुआत हुई।

ये भी पढ़ें- लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में क्यों नहीं बुलाया गया?

इसमें राज्य के मंत्रियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया। स्टालिन ने द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK)के कार्यकर्ताओं को लिखे पत्र में कहा कि चेन्नई और आसपास के इलाकों में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने वाली केंद्र सरकार की टीम ने बिना किसी राजनीतिक के राज्य सरकार की सराहना की। IMD ने तमिलनाडु और कराईकल के सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां मध्यम बारिश के साथ मध्यम तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। तमिलनाडु के छह जिलों में अलग-अलग स्थानों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।