Tamil Nadu Weather: तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी, आईटी कंपनियों को 'वर्क फ्रॉम होम' के निर्देश, स्कूल-कॉलेज बंद

Tamil Nadu Weather Forecast: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद सोमवार (14 अक्टूबर) को तमाम सीनियर अधिकारियों को राजधानी चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में 15 अक्टूबर को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया

अपडेटेड Oct 14, 2024 पर 7:37 PM
Tamil Nadu Rain: तमिलनाडु के कई इलाकों में 15 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है (फाइल फोटो)

Chennai, Tamil Nadu Weather Prediction: राजधानी चेन्नई समेत लगभग पूरे तमिलनाडु में 15 अक्टूबर से अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन ने सोमवार (14 अक्टूबर) को अगले चार दिनों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में 15 अक्टूबर को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने साथ ही आईटी कंपनियों को यह एडवाइजरी जारी करने को कहा है कि वे अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) यानी 15 से 18 अक्टूबर तक घर से काम करने की अनुमति दें।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण तमिलनाडु में भारी बारिश होगी। चेन्नई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चार जिलों में 15 और 16 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने संभावित बाढ़ और जलभराव की चेतावनी देते हुए दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और तमिलनाडु आपदा प्रतिक्रिया बल को प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में पहले से ही तैनात किया जाए। स्टालिन ने जोर देकर कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही वृद्धाश्रमों तथा निराश्रित आश्रमों में खाद्यान्न तथा दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने के प्रयास किए जाने चाहिए।


अगले चार दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका के चलते चेन्नई शहर की पुलिस ने निचले इलाकों में करीब 300 रिजर्व पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन (जीसीसी) और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय के लिए एक अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

मौसम विभाग अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) द्वारा तमिलनाडु में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किए जाने के मद्देनजर राज्य सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए कमांड सेंटर स्थापित किया है। उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि लोगों की 24 घंटे मदद करने के लिए हेल्पलाइन 1913 शुरू की गई है। लोग बारिश के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए 'टीएन अलर्ट' मोबाइल फोन एप्लिकेशन डाउनलोड कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- IMD Alert: दिल्ली-NCR में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, इन 10 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, 16 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी

उदयनिधि ने कहा कि मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर से भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर तक बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सरकार सभी एहतियाती कदम उठा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा, "मानव जीवन और संपत्ति को बचाने को शीर्ष प्राथमिकता दी जा रही है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।