Get App

Tata-Airbus Plant: पीएम मोदी ने 'टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स' का किया उद्घाटन, स्पेन के प्रधानमंत्री सांचेज के साथ किया मेगा रोड शो

TATA Aircraft Complex: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सोमवार (28 अक्टूबर) को वडोदरा में टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, जो भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्लांट में C-295 सैन्य परिवहन विमान का निर्माण किया जाएगा, जिससे भारतीय वायु सेना की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही भारत रक्षा उत्पादन में वैश्विक खिलाड़ी के रूप में स्थापित होगा

Akhileshअपडेटेड Oct 28, 2024 पर 12:18 PM
Tata-Airbus Plant: पीएम मोदी ने 'टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स' का किया उद्घाटन, स्पेन के प्रधानमंत्री सांचेज के साथ किया मेगा रोड शो
TATA Aircraft Complex: पीएम मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने गुजरात के वडोदरा में मेगा रोड शो किया

TATA Aircraft Complex: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के उनके समकक्ष पेड्रो सांचेज ने सोमवार (28 अक्टूबर) को गुजरात के वडोदरा में C-295 विमानों के निर्माण के लिए स्थापित टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड का उद्घाटन कर दिया। दोनों नेता एक द्विपक्षीय बैठक के लिए ऐतिहासिक लक्ष्मी विलास पैलेस जाने से पहले टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स द्वारा सी-295 विमानों के निर्माण के लिए यह कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। समझौते के तहत वडोदरा के इस कॉम्प्लेक्स में 40 विमानों का निर्माण किया जाएगा। भारत में इन 40 विमानों के निर्माण की जिम्मेदारी टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को दी गई है। यह कॉम्प्लेक्स भारत में सैन्य विमानों के लिए पहली निजी क्षेत्र की अंतिम असेंबली लाइन है।

इसमें विमानों के निर्माण से लेकर उनके पुर्जों को जोड़ना और उनका परीक्षण शामिल होगा। साथ ही विमानों के रखरखाव की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। टाटा के अलावा रक्षा क्षेत्र की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की यूनिट्स जैसे भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारत डायनेमिक्स के साथ ही निजी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इस कार्यक्रम में योगदान देंगे। पीएम मोदी ने अक्टूबर 2022 में वडोदरा अंतिम असेंबली लाइन की नींव रखी थी।

स्पेन के प्रधानमंत्री के साथ किया मेगा रोड शो

प्रधानमंत्री मोदी और स्पेन के उनके समकक्ष पेड्रो सांचेज ने सोमवार सुबह गुजरात के वडोदरा शहर में एक खुली जीप में सवार होकर एक रोडशो किया। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े लोगों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री सांचेज ने शहर में एयरपोर्ट से टाटा विमान परिसर तक 2.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर खड़े लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों टाटा विमान परिसर का उद्घाटन किया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें