Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, 15 दिनों में 19 की हो चुकी है मौत

Kashmir Terror Attack: सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग सेक्टर में आतंकवादी हमले के बाद इलाके में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शुक्रवार (25 अक्टूबर) को व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। एक दिन पहले गुरुवार (24 अक्टूबर) को गुलमर्ग सेक्टर में हुए आतंकवादी हमले में दो सैनिकों सहित चार लोग मारे गए हैं

अपडेटेड Oct 25, 2024 पर 11:49 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों में कई लोगों की जान चली गई है

Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रहे आतंकी हमलों ने केंद्र शासित प्रदेश की शांति को भंग कर दिया है। आतंकी हमलों में पिछले 15 दिनों में 19 लोग मारे जा चुके हैं। सबसे हालिया आतंकी हमला 24 अक्टूबर की शाम को गुलमर्ग सेक्टर में हुआ, जिसमें दो सैनिक और दो सेना के पोर्टर (कुलियों) मारे गए। यह हमला उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में पर्यटक स्थल से महज छह किलोमीटर दूर हुआ, जहां अधिकारियों ने बताया कि पूरी तरह से सेना का दबदबा है। हालांकि, हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि एक आतंकी ग्रुप ने घुसपैठ की है और अफरावत रेंज के ऊंचे इलाकों में शरण ली है।

घाटी में आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि के बीच गुलमर्ग हमला हुआ है। 20 अक्टूबर को को एक अन्य घातक हमले में मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के गगनगीर इलाके में एक निर्माण स्थल पर आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में छह प्रवासी मजदूरों और एक स्थानीय डॉक्टर की मौत हो गई।

इससे पहले, 18 अक्टूबर को शोपियां जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा आतंकवादियों ने पुलवामा जिले के त्राल इलाके में उत्तर प्रदेश के एक मजदूर को गोली मार दी थी जिससे वह घायल हो गया था।


जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 22 अक्टूबर को सुरक्षा बलों को केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद का सफाया करने के लिए समन्वित आतंकवाद विरोधी अभियान सक्रिय रूप से चलाने का निर्देश दिया था। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आतंकवादी घटनाओं को शून्य करने के लिए सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया जाना चाहिए।

9 अक्टूबर को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों द्वारा अपहरण किए गए प्रादेशिक सेना के एक लापता जवान का गोलियों से छलनी शव बरामद किया। जवान की पहचान हिलाल अहमद भट के रूप में हुई।

आतंकवादियों ने प्रादेशिक सेना के दो जवानों का अपहरण कर लिया था। हालांकि, उनमें से एक भागने में सफल रहा। बाद में, दूसरे जवान को खोजने के लिए सेना द्वारा एक संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया।

वहीं, 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के राजौरी के गुंडा गांव में सुरक्षाकर्मियों के साथ गोलीबारी के दौरान आतंकवादियों ने ग्राम विकास समिति (VDC) के घर पर हमला किया। हमले के बाद, व्हाइट नाइट कोर ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "ऑपरेशन गुंडा आतंकवादियों ने सुबह 310 बजे राजौरी के गुंडा में एक वीडीसी के घर पर हमला किया। पास की सेना की टुकड़ी ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी शुरू हो गई। ऑपरेशन जारी है।"

गुलमर्ग आतंकवादी हमले में दो सैनिक शहीद

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गुरुवार को किए गए आतंकवादी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दो जवानों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सैन्य बल के साथ काम करने वाले दो पोर्टर की गुरुवार को मौत हो गई थी और तीन सैनिकों सहित चार लोग घायल हुए थे जिनमें से दो सैनिकों ने बाद में दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग से छह किलोमीटर दूर आतंकवादियों ने सेना के एक वाहन पर हमला दिया।

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने गुरुवार शाम को बूटापथरी इलाके में सेना के वाहन पर तब गोलीबारी की जब वह अफरावत रेंज में नागिन चौकी की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने दो कुलियों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा था कि घायल जवानों में से दो की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि वाहन में सवार जवानों ने हमला होने के बाद जवाबी गोलीबारी की।

ये भी पढ़ें- कनाडा में भारतीय छात्रों को पैसे का लालच देकर भड़का रहे हैं खालिस्तानी आतंकी, भारतीय उच्चायुक्त का सनसनीखेज खुलासा

अधिकारियों ने कहा कि यह क्षेत्र पूरी तरह से सेना के कब्जे में है और अतीत में ऐसी खबरें आई थीं कि एक आतंकवादी समूह ने गर्मियों की शुरुआत में घुसपैठ की थी और यह अफरावत रेंज के ऊंचे इलाकों में छिपा था। बूटापथरी क्षेत्र को हाल में पर्यटकों के लिए खोला गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।