पुणे से दिल्ली जा रही अकासा एयर (Akasa Air) की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। हालांकि इस इमरजेंसी लैंडिंग की वजह बेहद ही हैरान कर देने वाली है। दरअसल पुणे से दिल्ली जा रही अकासा एयर की फ्लाइट में उड़ान भर रहे यात्री ने ऐसा दावा किया कि उसके बैग में बम है। जिसके बाद फ्लाइट की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियों की तरफ दी गई जानकारी के मुताबिक अकासा एयर की फ्लाइट में 185 यात्री सवार थे। अब इस पूरी घटना पर अकासा एयर का एक बयान भी सामने आया है।
क्या बयान जारी किया Akasa Air ने
अकासा एयर (Akasa Air) ने अपने बयान में कहा कि पुणे एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लगभग 40 मिनट बाद रात करीब 12 बजकर 42 मिनट पर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बम का दावा अफवाह निकलने के बाद फ्लाइट ने सुबह 6 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) की एक टीम को बुलाया गया और यात्री के बैग की जांच की गई।
अकासा एयर (Akasa Air) ने अपने बयान में घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर, 2023 को 00:07 बजे पुणे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली अकासा एयर की उड़ान क्यूपी 1148, 185 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्यों को लेकर उड़ान भरने के तुरंत बाद एक सिक्योरिटी अलर्ट मिला। सिक्योरिटी प्रोसेस को फॉलो करते हुए प्लेन को मुंबई की तरफ मोड़ दिया गया। फ्लाइट के कैप्टन ने सभी जरूरी इमरजेंसी प्रोसेस का पालन करते हुए रात को 12 बजकर 42 मिनट पर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सेफ्टी के साथ लैंडिंग कराई गई।
इस घटना के बारे बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'आज सुबह करीब 2.30 बजे CISF के एक अधिकारी ने मुंबई पुलिस कंट्रोल को इसके बारे में बताया। जिसके बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजेबल स्क्वाड (BDDS) टीम की मौजूदगी में उस फ्लाइट के यात्री के सामान की तलाशी ली गई। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि फ्लाइट में यात्री के साथ यात्रा कर रहे एक रिश्तेदार ने बताया कि सीने में दर्द के कारण उसने एक दवा ली थी।
यात्री को ले जाया गया अस्पताल
मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्री को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। पुलिस से मंजूरी मिलने के बाद सुबह करीब 6 बजे फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई। मुंबई पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।