Surajkund Chintan Shivir: हरियाणा के सूरजकुंड में चल रहे 2 दिवसीय चिंतन शिविर के दौरान एक अजीब वाकया हुआ। गृह मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की आंतरिक सुरक्षा बैठक में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) को भाषण जल्दी समाप्त करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) को कई बार टोकना पड़ा।
अमित शाह ने अनिल विज के साढ़े 8 मिनट तक चले लंबे भाषण के दौरान उन्हें चार बार टोका। विज को अपना भाषण समाप्त करने के लिए 5 मिनट का समय दिया गया था, लेकिन वो अपना टाइम खत्म होने के बावजूद बोलते रहे। इसके बाद शाह ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि लंबे भाषण देने के लिए यह मंच ठीक नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तय कार्यक्रम के तहत अनिल विज को 5 मिनट का स्वागत भाषण (वेलकम स्पीच) देना था। उनके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को मुख्य बिंदुओं पर बात करनी थी। इन दोनों नेताओं के भाषण के बाद गृहमंत्री अमित शाह को अपना भाषण देना था।
उम्मीद जताई जा रही थी कि विज इस कार्यक्रम में शाह के शामिल होने पर उनका आभार व्यक्त करेंगे और अपना भाषण खत्म कर देंगे। लेकिन विज अपने भाषण के बीच में हरियाणा का इतिहास, हरित क्रांति में इसके योगदान, ओलंपिक में राज्य के प्रदर्शन और राज्य सरकार द्वारा बनाए गए खेल के बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों पर बात करने लगे।
अमित शाह, अनिल विज से कुछ दूरी पर बैठे थे। लिहाजा पहले उन्होंने विज को अपना भाषण खत्म करने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुके। इसके बाद शाह ने उन्हें एक नोट भिजवाया, जिसमे आग्रह किया गया था कि वो अपना भाषण जल्द से जल्द खत्म करें। हालांकि, इसके बावजूद जब विज नहीं रुके तो अमित शाह ने अपने माइक को ऑन किया और उसपर एक दो बार ठोक कर विज को भाषण खत्म करने का इशारा किया। इतना सब होने के बाद भी विज भाषण देते रहे।
'आपके 5 मिनट समाप्त हो चुके हैं'
इसके बाद अमित शाह ने कहा कि अनिल जी आपको महज 5 मिनट दिया गया था, लेकिन आप अभी तक साढ़े 8 मिनट से ज्यादा बोल चुके हैं। अब आप जल्दी से अपना भाषण खत्म करें। ये वो मंच नहीं है, जहां आपको इतना लंबा भाषण देने की जरूर हो। शाह ने कहा, "अनिल जी थोड़ा संक्षिप्त में करना पड़ेगा, ये स्वागत भाषण है। आपका 5 मिनट का समय था, साढ़े 8 मिनट हो चुके हैं"...
इस पर विज ने कहा कि मैंने सारा बोल दिया है जी... लेकिन इसके बाद विज ने फिर से बोलना शुरू कर दिया। इस पर शाह फिर नाराज होकर कहा, "अनिल जी कृपया समाप्त कीजिए, यहां समय पर चलना पड़ेगा। इस तरह से नहीं चल पाएंगे। आपका धन्यवाद, कार्यक्रम आगे बढ़ाइए..." इसके बाद विज ने धन्यवाद देते हुए तुरंत अपना भाषण समाप्त कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।