Ukraine Crisis: आनंद्र महिंद्रा खोलेंगे मेडिकल कॉलेज, कहा- 'नहीं पता था कि देश में इतनी किल्लत है'

Anand Mahindra ने टेक महिंद्रा के MD और CEO सीपी गुरनानी को मेडिकल कॉलेज खोलने से जुड़ी योजना पर विचार करने और उस पर काम करने को कहा है

अपडेटेड Mar 03, 2022 पर 5:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Anand Mahindra ने मेडिकल कॉलेज की फीस किफायती रखने की सिफारिश पर भी ध्यान दिया

उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) देश में मेडिकल कॉलेज (Medical College) खोलने के बारे में सोच रहे हैं। इसके लिए उन्होंने टेक महिंद्रा के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ सीपी गुरनानी को इससे जुड़ी योजना पर विचार करने और उस पर काम करने को कहा है।

आनंद्र महिंद्रा ने गुरुवार को किए एक ट्वीट में कहा, "मुझे इसकी जानकारी नहीं थी कि देश में मेडिकल कॉलेजों की इतनी दिक्कत है। सीपी गुरनानी, क्या हम महिंद्रा यूनिवर्सिटी के कैंपस में मेडिकल की पढ़ाई वाला एक इंस्टीट्यूट खोलने पर विचार कर सकते हैं?"

आनंद महिंद्रा का यह ट्वीट ऐसे समय में आया है, जब हजारों की संख्या में भारतीय मेडिकल छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं और उन्हें वहां से सकुशल लाने के भारत सरकार ने 'ऑपरेशन' गंगा शुरू किया हुआ है।


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेजों की कम संख्या और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में महंगी फीस के चलते हर साल हजारों की संख्या में भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई के लिए विदेश जाते हैं। एक आंकड़े के मुताबिक, सिर्फ यूक्रेन में करीब 18,000 भारतीय मेडिकल छात्र मौजूद हैं। इसके अलावा रूस में करीब 16,000 और चीन में करीब 23,000 भारतीय छात्र इस समय मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- कोयला, जिंक, कॉपर, एलुमीनियम की कीमतें आसमान पर, चीजें महंगी होने से बिगड़ेगा आपका बजट

नेशनल मेडिकल कमीशन के मुताबिक, देश में करीब 605 मेडिकल कॉलेज हैं, जिसमें MBBS की करीब 90,825 सीटें हैं। इन सीटों पर एडमिशन के लिए पिछले साल 2021 में करीब 16 लाख छात्र नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेस टेस्ट (NEET) में बैठे थे। इसका मतलब है कि मेडिकल की पढ़ाई के लिए इच्छुक करीब 97 फीसदी बच्चों को देश में एडमिशन नहीं मिल पाता है।

यही वजह है कि मेडिकल की पढ़ाई के लिए छात्रों को यूक्रेन, रूस, बेलारूस, चीन, जॉर्जिया, अर्मेनिया और फीलिपींस जैसे देशों की तरफ देखना पड़ता है। इन देशों की मेडिकल पढ़ाई अच्छी होने के साथ-साथ भारत के प्राइवेट कॉलेजों के मुकाबले सस्ती भी है।

आनंद महिंद्रा ने जब मेडिकल कॉलेज खोलने को लेकर जब गुरुवार को ट्वीट किया तो एक यूजर ने उनका ध्यान फीस की तरफ भी दिलाया। यूजर ने लिखा, "मेडिकल कॉलेज खोलना अच्छा कदम है, लेकिन इसकी फीस दूसरे संस्थानों की तरह करोड़ों में नहीं होनी चाहिए।" इसपर आनंद महिंद्रा ने कहा कि इस तथ्य पर ध्यान दिया जाएगा।

आनंद महिंद्रा के ट्वीट को आप यहां देख सकते हैं-

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।