Telangana-Andhra Floods: तेलंगाना और आंध्र में बाढ़ का कहर! बारिश के पानी में बहा रेलवे ट्रैक, 140 ट्रेनें रद्द, 97 डॉयवर्ट
Telangana-Andhra Rain-Floods: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है और 17,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। राज्य भर में लगातार बारिश के कारण भारी तबाही मची हुई है। इससे व्यापक बाढ़ आ गई है। करीब 140 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई का रूट्स बदल दिया गया है
Telangana-Andhra Rain-Floods: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश जारी है
Andhra Pradesh-Telangana Rain-Floods updates: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है। बारिश के बाद आई बाढ़ से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़क और रेल बाधित हो गया है। रेल पटरियों पर पानी भरने की वजह से ट्रेनों की सर्विस रोक दी गई है। दोनों राज्यों में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों के लिए 26 राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। दोनों राज्यों में नदियां उफान पर हैं। हजारों लोगों को बचावकर्मियों ने बाढ़ वाले इलाकों से निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया। महबूबाबाद जिले में केसमुद्रम के पास रेल पटरी के नीचे बजरी का एक हिस्सा बाढ़ के पानी के कारण बह गया। इससे एक ट्रेन में सवार यात्री फंस गए।
दक्षिण मध्य रेलवे के अनुसार, सोमवार (2 सितंबर) को कई स्थानों पर पटरियों पर पानी भर जाने के कारण कुल छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं। रविवार (1 सितंबर) को कुल 140 ट्रेनें रद्द कर दी गईं और 97 का रूट्स बदल दिया गया। तेलंगाना के महबूबाबाद में, इंटकाने रेलवे स्टेशन के पास केसमुद्रम और इंटकाने को जोड़ने वाला रेलवे ट्रैक 1 सितंबर को बह गया। तेलंगाना के सूचना और जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद और उसके आसपास के निजी स्कूलों सहित सभी स्कूल बंद हैं।
पीएम मोदी और अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से बात की। दोनों ने उन्हें बारिश एवं बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि समय पर उठाए गए एहतियाती कदमों से जान-माल की क्षति कम हुई है। उन्होंने कहा कि इन उपायों के बावजूद राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग वर्षा जनित घटनाओं में नौ लोगों की जान चली गई।
बाढ़ में बह गए 3 लोग
महबूबाबाद और खम्मम जिलों में तीन लोगों के बह जाने की भी आशंका है। मंत्री ने कहा कि सूर्यपेट, भद्राद्री कोठागुडेम, महबूबाबाद और खम्मम जैसे अन्य जिलों में अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित कई गांवों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने एक आपातकालीन समीक्षा बैठक की। हैदराबाद में भी भारी बारिश हुई और रात भर जारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया।
स्कूलों की छुट्टी
अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद जिले में और अधिक भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण दो सितंबर को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार दो सितंबर को शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने को कहा गया है। खम्मम जिले के एक इलाके के निवासी छतों पर फंसे हुए हैं, क्योंकि बड़े इलाके जलमग्न हैं।
रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दो सितंबर को तेलंगाना के आदिलाबाद, निजामाबाद, राजन्ना सिरसिला, यादाद्री भुवनगिरी, विकाराबाद, संगारेड्डी, कामारेड्डी और महबूबनगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इस पूर्वानुमान के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश में भी कई स्थानों में बारिश होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मन्यम, अल्लूरी सीताराम राजू, काकीनाडा और नांदयाल जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक आर. कुरमंध ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि कृष्णा नदी के उफान पर होने के कारण विजयवाड़ा में प्रकाशम बैराज पर प्रथम स्तर की चेतावनी जारी की गई है, इसके चलते भारी जल प्रवाह हो रहा है।
#WATCH | Andhra Pradesh: Severe waterlogging witnessed in various parts of Vijayawada leading to a flood-like situation, due to heavy rainfall. pic.twitter.com/kOqvxyF0aq
आंध्र प्रदेश में अब तक बारिश से संबंधित नौ मौतें हुई हैं। एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। एक दिन पहले राज्य में मृतकों की संख्या आठ थी। ताडेपल्ली में आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य में भारी बारिश हुई है।
#WATCH | Mahabubabad, Telangana: A railway track near Intakanne railway station connecting Kesamudram and Intakanne washed away yesterday due to the heavy rains. The restoration works are ongoing at the location. pic.twitter.com/qCfpG3OUzf — ANI (@ANI) September 2, 2024
नायडू ने कहा, "भारी बारिश के कारण, विजयवाड़ा और गुंटूर शहर पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। काजा में विजयवाड़ा-गुंटूर राष्ट्रीय राजमार्ग और जग्गैयापेटा में विजयवाड़ा-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से जलमग्न हैं।" उन्होंने कहा कि काजा में विजयवाड़ा-गुंटूर राष्ट्रीय राजमार्ग और जग्गैयापेटा में विजयवाड़ा-हैदराबाद नेशनल हाईवे पूरी तरह से जलमग्न हैं।
#WATCH | Telangana: Palair Reservoir in Khammam District overflows due to heavy rains over the last few days in the state. pic.twitter.com/CFGBLRgjZc
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जग्गैयापेटा में 24 घंटे में 26 सेंटीमीटर बारिश हुई। जबकि 14 मंडलों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर के राजराजेश्वरी पेटा में लोगों को जलमग्न सड़क पर छाती तक गहरे पानी से होकर गुजरते देखा गया। उन्होंने कहा कि 14 जिलों में 94 अन्य स्थानों पर सात से 12 सेंटीमीटर के बीच बारिश हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कि बारिश से संबंधित घटनाओँ में नौ लोगों की मौत होने और एक व्यक्ति के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बाढ़ का पानी जिसे कोल्लेरू झील की ओर मोड़ना था लेकिन वह विजयवाड़ा की ओर मुड़ रहा था और इसके परिणामस्वरूप शहर में बाढ़ आ गई। नायडू ने बारिश की समस्या से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में कहा, "हम प्रकाशम बैराज के निचले इलाकों में रेत की बोरियों और अन्य साधनों से सुरक्षा बढ़ा रहे हैं तथा जिलाधिकारियों को भी सतर्क कर दिया है।"
#WATCH | Andhra Pradesh CM N Chandrababu Naidu inspects the flood situation in Vijayawada. Severe waterlogging is witnessed in various parts of Vijayawada, due to heavy rainfall. pic.twitter.com/y50In8ioCM — ANI (@ANI) September 2, 2024
17,000 लोगों को बचाया गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से प्रभावित 17,000 लोगों को 107 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। जबकि 1.1 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र और 7,360 हेक्टेयर बागवानी क्षेत्र को नुकसान हुआ है। नायडू ने कहा कि पुनर्वास केंद्रों में लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इससे पहले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि गृह मंत्री के आदेश के बाद चेन्नई, विशाखापत्तनम और असम से तीन-तीन एनडीआरएफ की नौ टीमें तेलंगाना भेजी गई हैं।