बिजनेस रिएलिटी टीवी शो शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) फंडिंग में देरी के आरोपों के बीच विवादों में घिर गया है। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि कई स्टार्ट-अप फाउंडर्स को अभी तक उनका फंड नहीं मिल सका है। शो के दौरान जजों ने फाउंडर्स को फंड देने का वादा किया था। शार्क टैंक इंडिया का अब तीसरा सीजन आने वाला है, इस बीच शो के पूर्व जज अश्नीर ग्रोवर ने अपने साथी जजों पर कटाक्ष किया है। उन्होंने साथी जजों से आग्रह किया है कि वे जिस फंड को निवेश करने की योजना बना रहे हैं उसे एस्क्रो खाते में डाल दें।
अनुपम मित्तल ने दिया जवाब
ग्रोवर के इस कटाक्ष पर अब shaadi.com के फाउंडर अनुपम मित्तल ने जवाब दिया है। मित्तल ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट डाली है जिसमें टाई पहने एक शार्क की तस्वीर थी। इस शार्क के चारों ओर उसी तरह समान कपड़े पहने हुए कुत्ते हैं जो एक साथ भौंक रहे हैं। इस तस्वीर को 'बार्क टैंक' नाम दिया गया है। ऐसा लग रहा था कि इस पोस्ट के जरिए शार्क टैंक इंडिया के आलोचकों का मजाक उड़ाया गया है।
आरोपों में दम नहीं : मित्तल
मित्तल ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में पिछले कुछ वर्षों में शो पर लगाए गए कई आरोपों पर बात की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन आरोपों में कोई दम नहीं है, ये आरोप बिना किसी सपोर्टिंग डेटा या क्रेडिबल सोर्स के के हैं। मित्तल ने कहा कि हर बार बिना किसी डेटा या सोर्स के गलत इरादे के साथ आरोप लगाए जाते हैं। इन बेबुनियाद आरोपों को पहचानना मुश्किल नहीं है। एक और मामूली विवाद का चर्चा में होना कोई हैरानी की बात नहीं है। एक बार फिर बिना किसी डेटा और रियल नाम के आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने ग्रोवर की टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन आरोपों के जरिए केवल उंगली उठाया गया है। मित्तल ने शो के खिलाफ आरोप लगाने वाले किसी भी शख्स को आगे आने के लिए आमंत्रित करते हुए अपनी पोस्ट समाप्त की। बता दें कि सीज़न दो के फाउंडर राहुल ने अनुपम मित्तल से एक डील हासिल की थी, लेकिन 10 महीने बाद राहुल ने मनीकंट्रोल को बताया कि पहले (मित्तल के साथ) जो सहमति हुई थी, उस पर फंडामेंटल डिसएग्रीमेंट हो गई। उन्हें यहां तक कहा गया है कि उनका बिजनेस व्यवहार्य नहीं है।