महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईं बाबा का मंदिर भारत के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। यहां पर रोज हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और यह मंदिर भारत के कुछ सबसे अमीर मंदिरों में से भी एक है। यहां पर रोजाना लाखों का चढ़ावा चढ़ाया जाता है। हालांकि अब इसी चढ़ावे की वजह से मंदिर के सामने एक बड़ी समस्या आकर खड़ी हो गई है। दरअसल बात ऐसी है कि महाराष्ट्र स्थित चार बैंकों ने शिरडी साईंबाबा मंदिर से लाखों रुपये के सिक्कों को लेने से इंकार कर दिया है।
हर महीने आता है लाखों का दान
शिरडी साईं बाबा मंदिर में हर महीने सिक्कों के रूप में 28 लाख रुपये का दान आता है। इन सिक्कों को बैंक में जमा कराया जाता है। श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट के सरकारी बैंकों की 13 शाखाओं में खाते हैं। इनमें से अधिकांश शिरडी में स्थित हैं और एक नासिक में स्थित है। प्रत्येक बैंक, जहां ट्रस्ट का खाता है, अपने कर्मियों को हर महीने बारी-बारी से दान और जमा राशि लेने के लिए मंदिर भेजता है। सिक्कों के रूप में एसएसएसटी का लगभग 11 करोड़ रुपये पहले ही इन बैंकों में जमा हो चुका है और नए सिक्कों के लिए और जगह नहीं है।
बैंक के पास नहीं है सिक्कों को जमा करने की जगह
साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के सीईओ राहुल जाधव ने मीडिया को बयान देते हुए कहा कि, बैंकों ने अधिकारियों ने ऐसी सूचना दी है कि उनके पास हर दिन मिलने वाले सिक्कों को रखने के लिए जगह नहीं बची है। यह ट्रस्ट के लिए एक काफी बड़ी समस्या है। ऐसे में अब ट्रस्ट आरबीआई को एक पत्र लिख कर सीधे इस मामले में दखल देने की योजना बना रहा है। इन चार बैंकों के अलावा, अन्य बैंकों ने भी ट्रस्ट से इस मुद्दे को हल करने का अनुरोध किया है क्योंकि वे भी जगह की कमी का सामना कर रहे हैं।
अहमदनगर के बैंकों से भी किया संपर्क
जाधव ने बताया कि इन बैंकों के अलावा उन्होंने अहमदनगर के कुछ बैंकों से भी सहायता मांगी है। उन्होंने कहा कि हम ऐसे बैंकों में ट्रस्ट के खाते खोलेंगे, ताकि वहां सिक्के जमा किए जा सकें। मंदिर में रोजना औसत 50,000 से भी ज्यादा लोग जाते हैं। जिस वजह से कई सारे सिक्के जमा होते हैं। शिरडी स्थित एक बैंक ने मीडिया को बताया कि उनके पास मंदिर के लगभग 1.6 करोड़ रुपये जमा हैं। शिरडी में एक और बैंक के पास मंदिर के 3 करोड़ रुपये के सिक्के जमा हैं। बैंकों में से एक में, सिक्कों की थैलियों को स्ट्रांगरूम के बाहर रखा जाता है क्योंकि कमरा पूरी तरह से सिक्कों की थैलियों से भरा हुआ है।