Microsoft cofounder Bill Gates : माइक्रोसॉफ्ट के कोफाउंडर बिल गेट्स ने कहा कि टीकाकरण अभियान में भारत की सफलता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से दुनिया कई सबक ले सकती है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) से अपनी मुलाकात के बाद यह बात कही। इस सप्ताह की शुरुआत में स्वास्थ्य मंत्री ने दावोस में गेट्स के साथ अपनी मुलाकात की पिक्चर ट्विटर पर शेयर की थी।
मंडाविया ने किया यह ट्वीट
मंडाविया ने ट्वीट किया, “#WEF22 के दौरान @BillGates के साथ संवाद करके खुशी हुई। उन्होंने #COVID19 के प्रबंधन और व्यापक टीकाकरण के प्रयासों में भारत की सफलता की सराहना की।” उन्होंने आगे लिखा, “हमने स्वास्थ्य सेवा से संबंधित विषयों पर चर्चा की, जिनमें डिजिटल स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, रोग नियंत्रण प्रबंधन, mRNA क्षेत्रीय केंद्रों का निर्माण और सस्ते और गुणवत्ता वाले चिकित्सा उपकरणों के विकास को बढ़ावा देना आदि शामिल हैं।”
दुनिया को भारत से सीखने की जरूरत
अब शनिवार को बिल गेट्स ने जवाब देते हुए भारत की तारीफ की है। उन्होंने लिखा, ‘मनसुख मंडाविया से मिलकर अच्छा लगा। हमने ग्लोबल हेल्थ को लेकर चर्चा की। भारत ने वैक्सीनेशन को लेकर जिस तरह का सफल आयोजन किया है और जिस प्रकार से टेक्नोलॉजी का इसमें इस्तेमाल किया गया है, इससे दुनिया को सीखने की जरूरत है।’
डब्ल्यूईएफ लीडर्स ने भी की तारीफ
बता दें कि पिछले दिनों वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के नेताओं ने भी भारत के वैक्सीनेशन अभियान की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि हर किसी को टीकों के मामले में समानता और व्यापक टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मॉडल का पालन करने की आवश्यकता है। डब्ल्यूईएफ (WEF) के अनुसार भारत ने दुनिया को ये आश्वासन भी दिया कि वह वैश्विक वैक्सीन राजधानी बनने के लिए दृढ़संकल्प है और अब वो अन्य देशों को पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की स्थिति में है।
बता दें कि भारत ने पिछले साल जनवरी में कोविड के खिलाफ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया था। तब से लेकर अब तक लगभग 88 प्रतिशत वयस्कों को टीके की कम से कम दो डोज़ लग चुकी है। वायरस के खिलाफ टीकाकरण के लिए देश काफी हद तक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कोविशील्ड और कोवैक्सिन पर निर्भर है।