राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में अब शराब परोसने वाले सभी, होटल, पब और रेस्तरां सुबह 3 बजे तक खुल सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने एक नीतिगत निर्णय लिया है जिसमें बार संचालकों को तड़के 3 बजे तक शराब परोसने की अनुमति दी जाएगी। दिल्ली की नाइट लाइफ को सुविधाजनक और शानदार बनाने के लिए आबकारी नीति में रेस्टोरेंट को देर रात तक खोलने की इजाजत दी गई है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया, सरकार ने आबकारी विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं और आबकारी नीति 2021-22 के अनुसार जल्द ही एक आदेश जारी होने की संभावना है। अधिकारी ने कहा कि रेस्तरां में फिलहाल बार को अब तक देर रात एक बजे तक संचालित करने की अनुमति है। यदि समय रात के 3 बजे तक बढ़ाया जाता है, तो आबकारी विभाग पुलिस सहित अन्य एजेंसियों के साथ काम करेगा।
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने की थी मांग
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात कर नई आबकारी नीति के तहत सुबह तीन बजे तक रेस्टोरेंट संचालन का प्रावधान लागू करने की मांग की थी। NRAI के अध्यक्ष कबीर सूरी ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि हमने दिल्ली सरकार से इस मांग के साथ संपर्क किया था कि बार खोलने का समय तीन बजे तक बढ़ाया जाए, क्योंकि नीति में इसकी सिफारिश की गई है।
नवंबर 2021 से लागू हुई नई आबकारी नीति
नवंबर 2021 से लागू हुई नई आबकारी नीति में सिफारिश की गई है कि बार के संचालन के समय को पड़ोसी शहरों के बराबर लाया जा सकता है। NCR शहरों, हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में बार को तड़के 3 बजे तक खोलने की अनुमति है। हालांकि, उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में बार एक बजे तक खुले रहते हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में करीब 550 स्वतंत्र रेस्तरां हैं जो आबकारी विभाग से L-17 लाइसेंस पर भारतीय और विदेशी ब्रांड की शराब परोसते हैं। लगभग 150 की संख्या वाले होटलों और मोटल के रेस्तरां में पहले से ही 24 घंटे शराब परोसने की अनुमति है। ऐसे रेस्तरां को आबकारी विभाग द्वारा L-16 लाइसेंस दिया जाता है।