MP: इंदौर की 3 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, महिला समेत 7 लोगों की जिंदा जलने से मौत, PM मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक जताया है, सीएम ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए दिए जाएंगे

अपडेटेड May 07, 2022 पर 2:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे

Indore Fire: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक तीन मंजिला रिहायशी इमारत में शनिवार तड़के भीषण आग लगने से एक महिला समेत 7 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। इस घटना में 9 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अधिकांश की नींद में ही जलने एवं दम घुटने से मौत हो गई। आग में 9 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इंदौर के पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि विजय नगर क्षेत्र में तंग गलियों वाले एक इलाके की रिहायशी इमारत में आग लगने से अब तक सात लोगों की मौत का पता चला है। शुरूआती जानकारी के मुताबिक, इनमें एक महिला भी शामिल है। आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

ये भी पढ़ें- Imran Khan ने अनजाने में गधे से कर दी अपनी तुलना, देखें वीडियो कैसे गलत मिसाल देकर कराई जगहंसाई


अधिकारी ने बताया कि इमारत की तीनों मंजिल पर अलग-अलग फ्लैट बने हुए थे, जिनमें लोग किराए पर रहते थे। चश्मदीदों के अनुसार, इमारत में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम नहीं थे। इस बारे में पूछे जाने पर पुलिस आयुक्त ने बताया कि इमारत के मालिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत FIR दर्ज की जाएगी।

डीसीपी संपत उपाध्याय ने कहा कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर का मुख्य दरवाजा और ऊपरी मंजिलों की ओर जाने वाली सीढ़ियां भीषण लपटों और धुएं से घिरी थीं, जबकि तीसरी मंजिल से छत को जाने वाला दरवाजा जलकर बेहद गर्म हो गया था। इससे घटना के दौरान ज्यादातर लोग इमारत में फंसे रह गए। हालांकि, कुछ लोगों ने अपने फ्लैट की बालकनी में आकर जान बचाई।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि आग इमारत की निचली मंजिल में पार्किंग के पास लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने कहा कि आग की शुरुआत पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से हुई और इसके बाद लपटें संकरी सीढ़ियों से होते हुए इमारत की ऊपरी मंजिल की ओर बढ़ने लगीं।

काजी के अनुसार, हादसे में जिन सात लोगों की मौत हुई है, उनमें से ज्यादातर की जान धुएं से दम घुटने के कारण गई। उन्होंने बताया कि अग्निकांड के समय रिहायशी इमारत में कुल 16 लोग मौजूद थे। थाना प्रभारी के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

PM मोदी और CM ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा, "मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ अग्निकांड अत्यंत दुखद है। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

वहीं, सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, "इंदौर के स्वर्ण बाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।"

जांच के दिए आदेश

एक अन्य ट्वीट में सीएम ने कहा कि इंदौर में आग लगने की घटना में मौत की खबर अत्यंत ह्रदय विदारक है। मैंने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए दिए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।