Delhi Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते तापमान के साथ ही आग लगने की घटनाएं भी आए दिन देखने को मिल रही हैं। मध्य दिल्ली के झंडेवालान इलाके में एक साइकिल बाजार में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 27 गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजकर पांच मिनट पर आग लगने की खबर मिली। खबर मिलते ही शुरूआत में फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग फैलती गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 17 और गाड़ियां भेजी गईं। अधिकारियों ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
इस घटना के बारे में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने कहा कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में वीडियोकॉन टॉवर के पास दिल्ली के झंडेवालान साइकिल बाजार में आग लग गई। 27 फायर गाड़ियों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया। हमारे बहादुर दमकलकर्मियों ने स्थिति को सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शुरूआती जांच में आग लगने के पीछे की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय पुलिस भी फायर कर्मियों की मदद के लिए मौके पर पहुंची। देखते ही देखते घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें कुछ दूरी पर रोके रखा।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही उत्तर पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में गुरुवार को एक बिजली के सामान की फैक्ट्री में आग लगने से 42 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में छह अन्य घायल हो गए। इसके अलावा 13 मई को दिल्ली के मुंडका इलाके में एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई थी।