Delhi Water Crisis: भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं दिल्लीवासी, इन इलाकों में कल से जल आपूर्ति होगी प्रभावित

दिल्ली के वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला तालाबों में जलस्तर घटने की वजह से कल यानी मंगलवार सुबह (17 मई) से दिल्ली के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी

अपडेटेड May 16, 2022 पर 6:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वजीराबाद वाटर वर्क्स का जलस्तर कम होकर 670.70 फुट रह गया है

Delhi Water Crisis: देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच लोगों के सामने पानी का संकट भी उत्पन्न हो गया है। दिल्ली के वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला तालाबों में जलस्तर घटने की वजह से कल यानी मंगलवार सुबह (17 मई) से दिल्ली के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) की तरफ से जारी एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि वजीराबाद वाटर वर्क्स में यमुना के तालाब का स्तर सामान्य स्तर से कम होने तक यमुना नदी में हरियाणा द्वारा पानी रिलीज में कमी के कारण वजीराबाद, चंद्रवाल और ओखला में वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों से पानी का उत्पादन प्रभावित हुआ है।

ये भी पढ़ें- Sri Lanka Economic Crisis: श्रीलंका में हालात बेकाबू होने के बाद आज से पूरे देश में कर्फ्यू का ऐलान, जानें सभी अपडेट


बयान में आगे कहा गया है कि 17 मई की सुबह से और तालाब का स्तर सामान्य होने तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। ऐसे में लोगों को यह सलाह दी जाती है कि वो पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें। वाटर टैंक भी मांग के अनुसार उपलब्ध कराया जाए।

लगातार कम हो रहा जलस्तर

वजीराबाद वाटर वर्क्स का जलस्तर कम होकर 670.70 फुट रह गया है, जो इस साल का सबसे निचला स्तर है। पिछले साल 11 जुलाई को वर्क्स का स्तर 667 फुट तक कम हो गया था, जिसके बाद दिल्ली जल बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर हरियाणा सरकार को यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्देश देने का अनुरोध किया था।

दिल्ली जल बोर्ड ने इस संबंध में 12 मई, 3 मई और 30 अप्रैल को हरियाणा सिंचाई विभाग को पत्र लिखा था। अधिकारियों के मुताबिक, पड़ोसी राज्य की ओर से इस संबंध में कोई जवाब नहीं आया है।

दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद, चंद्रवाल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों की उत्पादन क्षमता घटकर 85 प्रतिशत रह गई है। दिल्ली जल बोर्ड ने उन क्षेत्रों में जहां पानी की कमी है, वहां अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था की है। साथ ही नलकूपों के जरिए पानी की आपूर्ति बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।