Sri Lanka Economic Crisis: श्रीलंका में हालात बेकाबू होने के बाद आज से पूरे देश में कर्फ्यू का ऐलान, जानें सभी अपडेट

आज रात 8 बजे से देशव्यापी कर्फ्यू लगा दिया गया है, जो मंगलवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा

अपडेटेड May 16, 2022 पर 5:30 PM
श्रीलंका 1948 में आजादी के बाद से सबसे खराब आर्थिक संकट से गुजर रहा है

Sri Lanka Economic Crisis: श्रीलंका में गंभीर आर्थिक संकट के बीच हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। भारी विरोध-प्रदर्शन की वजह से स्थिति बेकाबू होता देख आज यानी सोमवार रात से देशभर में कर्फ्यू (Sri Lanka Curfew) का ऐलान कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक, आज रात 8 बजे से देशव्यापी कर्फ्यू लगा दिया गया है, जो मंगलवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।

बता दें कि आजादी के बाद से श्रीलंका गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देशभर में महंगाई चरम पर है। बिजली संकट के साथ साथ पेट्रोल-डीजल समेत रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों की भारी किल्लत है। इस बीच, नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे आज संकटग्रस्त राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं।

230 लोग गिरफ्तार


श्रीलंका में पुलिस पर पिछले हफ्ते शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर किए गए हमलों में शामिल राजपक्षे परिवार के वफादारों को गिरफ्तार करने का सोमवार को दबाव बनाया गया। पुलिस ने हिंसा में 9 लोगों के मारे जाने के बाद विभिन्न आरोपों के तहत 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें- Vladimir Putin: इस जानलेवा बीमारी से पीड़ित हैं व्लादिमीर पुतिन, करीबी दोस्त ने कहा- बहुत कम दिनों के मेहमान हैं रूसी राष्ट्रपति

इन झड़पों के कारण ही कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। पुलिस ने कर्फ्यू के उल्लंघन, जनता पर हमला करने और सार्वजनिक तथा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 9 मई के बाद से करीब 230 लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रदर्शनकारियों पर सरकार समर्थित भीड़ का हमला

सरकार समर्थित भीड़ ने राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और उनके भाई एवं पूर्व पीएम महिंदा राजपक्षे के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर 9 मई को हमला कर दिया था। इसके बाद राजपक्षे के वफादारों के खिलाफ भड़की व्यापक हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक घायल हो गए थे।

पुलिस ने जनता से सरकार समर्थित हमलावरों के बारे में सूचना देने का अनुरोध किया है। पुलिस ने हमलावरों की जानकारी देने के वास्ते जनता के लिए फोन लाइनें बनाई है। वहीं, सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं ने मंगलवार को संसद में जाने की वजह से अपने लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है।

सबसे गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा श्रीलंगा

आपको बता दें कि वर्ष 1948 में ब्रिटेन से आजादी मिलने के बाद श्रीलंका अब तक के सबसे गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। यह संकट मुख्य रूप से विदेशी करेंसी की कमी के कारण पैदा हुआ जिसका अर्थ है कि देश मुख्य खाद्य पदार्थों और ईंधन के आयात के लिए भुगतान नहीं कर पा रहा है।

9 अप्रैल से पूरे श्रीलंका में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं, क्योंकि सरकार के पास आयात के लिए धनराशि खत्म हो गई है। यही वजह है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।