देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग प्रदूषण की मार झेलने के लिए मजबूर हैं। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के ऊपर जा चुका है। वहीं इस बार दिल्ली में गर्मी भी काफी पड़ी है। साल 2024 के लगभग हर महीने गर्मी का रिकॉर्ड टूटा है। नवंबर महीना भी इस लिस्ट में शामिल रहा। यूं तो महीने के आखिर में ठंड बढ़ने लगी है लेकिन इस साल नवंबर पिछले 5 सालों के मुकाबले सबसे गर्म रहा। जिसमें दिन और रात का तापमान सबसे अधिक था। हालांकि मौसम विभाग ने अब ठंड अब कड़ाके की ठंड की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, साल साल 2019 के बाद इस साल नवंबर के महीने में सबसे देरी से तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है। साल 2019 में 1 दिसंबर को तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया था। दिल्ली का तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज हुआ है। इस दिन अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया है। आज सुबह दिल्ली में धुंध और कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो गया। रात के समय भी हल्का कोहरा और स्मॉग छाने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
नवंबर माह का औसत न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह दीर्घावधि औसत (एलपीए) 13 डिग्री सेल्सियस से करीब 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसी तरह औसत अधिकतम तापमान एलपीए से 1.1 डिग्री अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2019 के बाद से सबसे गर्म नवंबर है।
25 नवंबर से तापमान में गिरावट जारी
न्यूनतम तापमान में तेज से गिरावट 25 नवंबर से शुरू हुआ। यह गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं और रात में साफ आसमान के कारण इसमें लगातार गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस, 27 नवंबर को 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 28 नवंबर को 10.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। शुक्रवार को इस मौसम में पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
1951 के बाद अक्टूबर भी रहा था सबसे गर्म
दिल्ली में 1951 के बाद से इस साल सबसे गर्म अक्टूबर महीना दर्ज किया गया। जिसमें दिन और रात दोनों का तापमान औसतन सामान्य से लगभग दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में औसत मासिक अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं साल 1951 में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली का एक्यूआई बेहद खराब स्तर पर दर्ज
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली में आज (30 नवंबर 2204) सुबह 6 बजे औसत AQI 348 दर्ज किया गया। जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। इस दौरान 4 इलाके ऐसे रहे, जिनका एक्यूआई 400 से ज्यादा दर्ज किया गया। इन इलाकों में बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका और शादीपुर, शामिल हैं। राजधानी में सबसे कम एक्यूआई लोधी रोड और डीयू नॉर्थ कैंपस में रहा। यहां का एक्यूआई 300 के भीतर दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 331 रहा।