हैदराबाद (Hyderabad) से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों ने सड़क पर जा रहे एक 4 साल के मासूम बच्चे को नोच-नोच कर मार डाला। कुत्तों का झुंड मासूम को तब तक नोचता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। रविवार को हुई ये पूरी घटना वहां लगे CCTV में कैद हो गई। वायरल वीडियो में बच्चा अकेले चलता हुआ नजर आ रहा है। तभी आवारा कुत्ते बच्चे की ओर बढ़ते हुए आते हैं और उसे घेर लेते हैं। वीडियो में मासूम को भागने की कोशिश करते देखा जा सकता है।
कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल मासूम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस मासूम को कुत्तों ने अपना शिकार बनाया, उसका नाम प्रदीप बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह एरुकुला बस्ती में रहने वाले गंगाधर का बेटा था।
पीड़िता के पिता चौकीदारी का काम करते हैं। लड़के के पेट में चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। गंगाधर 4 साल पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ काम के लिए हैदराबाद आए थे। वह अंबेरपेट में कार सर्विस सेंटर में सिक्योरिटी गार्ड बन गया। रविवार को गंगाधर प्रदीप को भी साथ ले आया था। बेटे को अपने केबिन में छोड़कर गंगाधर काम के लिए बाहर चला गया।
थोड़ी देर बाद प्रदीप केबिन से बाहर आ गया और पार्किंग में पहुंच गया। जब वह कैंपस में अकेला घूम रहा था, तब आधा दर्जन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अन्य राज्यों में भी सामने आई ऐसी घटना
दो हफ्ते पहले गुजरात में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। दो हफ्ते पहले गुजरात के सूरत में आवारा कुत्तों के हमले में एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई थी। इससे पहले जनवरी में बिहार के आरा में एक आवारा कुत्ते के काटने के बाद 80 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों द्वारा काटे जाने के बाद एक सात वर्षीय लड़के की मौत हो गई। कान्हा नाम का लड़का बिलासपुर गांव में अपने घर के पिछवाड़े में खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया और कान्हा को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।