Eye Flu: देश के कई हिस्सों में भीषण और लगातार बारिश हो रही है। इससे देश के कई इलाकों में कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) के मामले बढ़ रहे हैं। दिल्ली-NCR में कंजंक्टिवाइटिस के मामले बढ़ रहे हैं। AIIMS के आरपी सेंटर फॉर ऑप्थैल्मिक साइंसेज (P Centre for Ophthalmic Sciences) के प्रमुख डॉ. जेएस टिटियाल (Dr JS Titiyal) काक कहना है कि राजधानी में रोजाना करीब 100 मामले सामने आ रहे हैं। बरसात के बाद संक्रामक रोग बड़ी परेशानी बनी हुई है। पिछले कई सालों में ऐसा पहली बार है जब आई फ्लू के मामले इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं।
बुखार, सर्दी-जुकाम, उल्टी और दस्त के बाद अब लोगों में खासकर बच्चों की आंखें लाल होने की समस्या (कंजंक्टिवाइटिस) बढ़ गई है। उमस और नमी के चलते यह संक्रामक बीमारी फैलती है। यह किसी संक्रमित व्यक्ति की आंख के सामने पड़ने, घर में उसके इस्तेमाल किए गए तौलिया, रुमाल या अन्य कपड़े से या फिर हाथ की गंदगी से फैलती है। डॉक्टरों का कहना है पहले के मुकाबले अब रोजाना आंखों के रोगियों की संख्या 50-60 फीसदी तक बढ़ गई है।
कंजंक्टिवाइटिस संक्रामक बीमारी है, तेजी से फैलती है
डॉक्टरों का कहना है कि आई फ्लू भी एक से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। मानसून के दौरान ये बीमारी तेजी से बढ़ती है, लेकिन इस बार काफी ज्यादा केस आ रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसका शिकार हो रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से आने वाले दिनों में केस और भी तेजी से बढ़ने की आशंका है। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के अस्पतालों में आई इंफेक्शन, आंखों के लाल होने की समस्या वाले मरीजों की तादाद रोजाना बढ़ रही है। इस समय आई फ्लू एपिडेमिक बन रहा है। यानी, एक ऐसी बीमारी जो अपेक्षा से ज्यादा लोगों में तेजी से फैलती है और किसी एक स्थान तक सीमित नहीं होती है।
जानिए आई फ्लू के पूरे भारत में कितने हैं मरीज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के एक प्राइवेट आई केयर हॉस्पिटल में दिल्ली- NCR में कंजंक्टिवाइटिस के 1032 मामले दर्ज किए गए हैं वहीं पूरे भारत में 1521 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं पिछले साल (जुलाई 2022) इसी अवधि में दिल्ली- NCR में 646 मामले दर्ज किए गए थे। जबकि इसी अवधि में पूरे भारत में 1202 मामले दर्ज किए गए थे। कुल मिलाकर पिछले साल के मुकाबले इस साल कंजंक्टिवाइटिस के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है।
-आंखों में सफेद रंग का कीचड़ आना
-आंखों में खुजली और दर्द होना
-मोक्सीफ्लोक्सासिन आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें
-आंखों को गुनगुने पानी से क्लीन करें
-आंखों को साफ करने के लिए साफ और सूती कपड़े का इस्तेमाल करें
-लक्षण गंभीर होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाएं