Chhota Rajan Bail: बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2001 में मुंबई के होटल व्यवसायी जया शेट्टी की हत्या के संबंध में गैंगस्टर छोटा राजन को दी गई उम्रकैद की सजा बुधवार (23 अक्टूबर) को निलंबित कर दी। साथ ही हाई कोर्ट ने इस हत्याकांड मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन को जमानत दे दी है। बता दें कि जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालिक थी। उन्हें छोटा राजन गैंग से जबरन वसूली की धमकियां मिल रही थीं। 4 मई, 2001 को होटल की पहली मंजिल पर छोटा राजन गैंग के दो कथित सदस्यों ने उन्हें गोली मार दी थी।
जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चह्वाण की खंडपीठ ने राजन को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी। फिलहाल, छोटा राजन अन्य आपराधिक मामले के संबंध में अभी जेल में ही रहेगा। इस साल मई में एक विशेष अदालत ने राजन को होटल व्यवसायी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया था और उसे उम्रकैद की सजा सुनायी थी।
राजन ने सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में एक अपील दाखिल की थी। उसने सजा निलंबित करने और अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया था। मध्य मुंबई के गामदेवी में 'गोल्डन क्राउन' होटल के मालिक जय शेट्टी की चार मई 2001 को होटल की पहली मंजिल पर राजन गिरोह के कथित सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जांच से पता चला था कि शेट्टी को छोटा राजन गिरोह के एक सदस्य हेमंत पुजारी से वसूली का फोन आया था और पैसे न देने के कारण उसकी हत्या की गई थी। वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर जेडे की हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहा राजन अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में है।
हाल ही में सुर्खियों में आया था छोटा राजन
हाल ही में पुणे पोर्श दुर्घटना मामले को लेकर छोटा राजन सुर्खियों में आया था। टाइम्स नाउ को पता चला है कि पुणे कार दुर्घटना में 17 वर्षीय आरोपी के परिवार का अंडरवर्ल्ड से संबंध है। सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि आरोपी के दादा ने 2008-09 में अपने भाई के साथ संपत्ति विवाद के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की मदद ली थी।
इसी साल 19 मई को किशोर ने कथित तौर पर शहर के कल्याणी नगर इलाके में लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अपनी पोर्श चलाई और मोटरसाइकिल पर सवार 20 वर्षीय दो आईटी इंजीनियरों को टक्कर मारकर उनकी हत्या कर दी। दुर्घटना से कुछ समय पहले, किशोर ने अपने दोस्तों के साथ एक स्थानीय क्लब में पार्टी की और शराब पी। सीबीआई ने अपने आरोपपत्र में दावा किया कि किशोर के दादा सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने संपत्ति विवाद के संबंध में मदद के लिए बैंकॉक में छोटा राजन के खास गुर्गे से मुलाकात की थी।
कौन थी जया शेट्टी? (Who Was Jaya Shetty)
गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन जया शेट्टी की 4 मई 2001 को हत्या कर दी गई थी। शेट्टी को छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकियां मिल रही थीं। शेट्टी पर जानलेवा हमला तब हुआ जब छोटा राजन गिरोह के दो कथित सदस्यों ने होटल की पहली मंजिल पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।