गीता गोपीनाथ (Gita Gopinath) चुनौतियों को तोड़ने के मामले में एक मिसाल हैं। वह इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) की पहली महिला चीफ इकोनॉमिस्ट होने के साथ ही उसकी पहली महिला डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर भी है। गोपीनाथ के पास खुद पर गर्व करने का आज एक और कारण है। उनकी आधिकारिक तस्वीर ने IMF के पूर्व चीफ इकोनॉमिस्ट्स की तस्वीरों वाली दीवार पर जगह बना ली है। इस दीवार पर वह तमाम पुरुषों के बीच इकलौती महिला हैं। गीता गोपीनाथ ने अपनी इस तस्वीर को खुद 'रुढ़ियों को तोड़ना' वाला बताया है।
गीता गोपीनाथ ने अपनी तस्वीर को ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'रुढ़ियों को तोड़ना... मैंने IMF के पूर्व चीफ इकोनॉमिस्टकी दीवार पर जगह बना ली है।' गोपीनाथ ने दो तस्वीरें पोस्ट की है। इन तस्वीरों में IMF के 11 पूर्व चीफ इकोनॉमिस्ट्स की तस्वीर लगी हुई दिख रही है। गीता गोपीनाथ की तस्वीर 11वें नंबर पर आखिरी में लगी हैं और वह इस लिस्ट में आखिरी महिला हैं।
50 वर्षीय गीता गोपीनाथ ने 2019 और 2022 के बीच इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) की चीफ इकोनॉमिस्ट के रूप में कार्य किया। उनकी जगह अब पियरे-ओलिवियर गौरीन्चस IMF के नए चीफ इकोनॉमिस्ट हैं। गीता गोपीनाथ फिलहाल IMF की डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और वह इस पद पर बीते जनवरी 2022 से हैं।
IMF ने अपनी वेबसाइट पर बताया, "डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका में गोपीनाथ कर्मचारियों के काम को देखती है, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर IMF का प्रतिनिधित्व करती हैं, सरकारों, मीडिया और बोर्ड के सदस्यों के साथ उच्च-स्तरीय कॉन्टैक्ट बनाए रखती हैं। निगरानी और इससे जुड़ी नीतियों पर IMF के काम की अगुआई करती है, और रिसर्स व अहम प्रकाशनों के काम को देखती हैं।"
गीता का जन्म 1971 में भारत के कोलकाता शहर में हुआ था। हालांकि उनकी शुरुआती पढ़ाई लिखाई मैसूर से हुई है। उनके पिता टी.वी. गोपीनाथ केरल के कन्नूर जिले के किसान और उद्यमी हैं। उन्होंने स्नातक की डिग्री लेडी श्रीराम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय (1992) से प्राप्त की और फिर उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमए किया। उन्होंने 2009 में अमेरिका की प्रतिष्ठित प्रिंसटन विश्वविद्यालय से पीएचडी पूरी की। फिलहाल वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय में इकोनॉमिक्स की प्रोफेसर भी हैं।