सॉफ्टवेयर कंपनी ग्लोबेंट ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दे रखा है और ऑफिस से काम करने का फैसला उन पर छोड़ दिया है। 33 देशों में फैले कंपनी के लगभग 30,000 कर्मचारियों को यह छूट दी गई है कि वे अगर चाहें तो रिमोट वर्क जारी रख सकते हैं। ग्लोबेंट के फाउंडर और सीईओ मार्टिन मिगोया अपने कर्मचारियों को जबर्दस्ती ऑफिस से काम कराने में विश्वास नहीं रखते हैं। मिगोया ने ब्लूमबर्ग को एक इंटरव्यू में बताया, 'हम बहुत फ्लेक्सिबल रहे हैं और हम बहुत फ्लेक्सिबल बने रहेंगे। ऑफिस को लोगों के इकट्ठा होने के लिए एक अट्रैक्शन पॉइंट होना चाहिए, न कि केवल वह डेस्क जहां आप अपना काम करते हैं। यह कंपनी के लिए एक कनेक्शन इंजन है।'
