Health Tips: डायबिटीज (मधुमेह – Diabetes) हाल के दशकों में दुनियाभर में सबसे तेजी से बढ़ने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। भारत में डायबिटीज रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization- WHO) ने तेजी से बढ़ते इस रोग को लेकर चिंता जताई है और इसके नियत्रंण और रोकथाम को लेकर विशेष जागरूक रहने की सलाह दी है। यह खून में अतिरिक्त शुगर की मात्रा से संबंधित बीमारी है। इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। इसकी वजह ये है कि यह धीरे-धीरे लगभग सभी महत्वपूर्ण ऑर्गन को खराब करने का काम करता है।
इसमें मुख्य रूप से हार्ट, ब्रेन, किडनी, लिवर, आंख शामिल है। इसके साथ ही डायबिटीज बॉडी के हर फंक्शन को भी प्रभावित करता है। डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए समय पर इसके लक्षणों की पहचान करना बेहद जरूरी है। सुबह के समय कुछ मुख्य संकेतों से आप डायबिटीज को पहचान सकते हैं।
डायबिटीज आंखों पर बुरा असर डालता है। ऐसे में अगर आपको सुबह-सुबह साफ देखने में कठिनाई महसूस होती है। तब ऐसी स्थिति में यह हाई ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि डायबिटीज से लेंस का आकार बड़ा हो सकता है। जिससे दृष्टि धुंधली हो सकती है। ऐसे में यह संकेत दिखते ही तुरंत ब्लड शुगर चेक कराना फायदेमंद साबित हो सकता है।
मुंह का सूखना सुबह दिखने वाले डायबिटीज के लक्षणों में सबसे आम है। अगर आप अक्सर सुबह उठने के बाद मुंह सूखने या अत्यधिक प्यास लगने का अनुभव करते हैं, तो इसका कारण खून में बढ़ा शुगर हो सकता है। ऐसे में जरूरी है तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।
सुबह-सुबह अगर आपको सिर दर्द की शिकायत रहती है तो यह डायबिटीज की ओर इशारा कर सकता है। ऐसी स्थिति में अपने डॉक्टर से तुरंत सलाह लें। इसके अलावा ब्लड शुगर टेस्ट भी कराएं। ताकि आपका समय पर इलाज हो सके।
थकान डायबिटीज का एक सामान्य लक्षण है। इंसुलिन के कम प्रोडक्शन और खून में बढ़े शुगर के लेवल से शरीर सुस्त हो जाता है। हालांकि थकान ज्यादा काम करने, तनाव से होने वाली एक आम भी समस्या है। ऐसे में लोग इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते हैं।