Heatwave: दिल्ली सहित इन राज्यों में इस दिन से मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना

दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में भीषण लू चल रही है

अपडेटेड May 16, 2022 पर 7:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में लोगों को लगातार भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने सोमवार को जानकारी दी कि लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। IMD ने कहा कि अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में गिरावट आएगी।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने 24 घंटे में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया है, जिससे तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

छींटे पड़ने या आंधी चलने की संभावना


विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसून पूर्व गतिविधियां सक्रिय हो सकती हैं, जिससे सोमवार और मंगलवार को लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। IMD के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे के दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने या आंधी चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Delhi Water Crisis: भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं दिल्लीवासी, इन इलाकों में कल से जल आपूर्ति होगी प्रभावित

मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा कि कि आज तापमान पहले ही गिर चुका है। सुबह 11.30 बजे के ऑब्जर्वेशन के अनुसार, तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस गिर चुका है। इसलिए, हमारे ऑब्जर्वेशन के मुताबिक, आज का तापमान कल की तुलना में 3-4 डिग्री सेल्सियस कम होगा।

दिल्ली-NCR में लू का प्रकोप जारी

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को भीषण गर्मी तथा लू का प्रकोप रहा। दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा जहां 49.2 डिग्री सेल्सियस को पार गया, वहीं नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 48.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि जफरपुर, पीतमपुरा और रिज में तापमान क्रमश: 47.5 डिग्री, 47.3 डिग्री और 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के पास स्थित हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री दर्ज किया गया जो 10 मई 1966 के 49 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, 24 घंटे के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। दिल्ली में वर्ष 1951 के बाद से इस बार अप्रैल सर्वाधिक गर्म रहा।

UP में तापमान 49 डिग्री पहुंचा

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से भी रविवार को भी भयंकर गर्मी में झुलसते रहे। बांदा में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले करीब एक हफ्ते से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जबरदस्त तपिश का दौर चल रहा है। उमस बढ़ने के कारण लोग गर्मी की दोहरी मार सहन करने को मजबूर हैं। गर्मी की वजह से जनजीवन पर असर पड़ा है और लोग दोपहर में बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।