Meta के 11,000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान, CEO मार्क जकरबर्ग बोले- "सॉरी, मैं गलत साबित हुआ"

Facebook की पैरेंट कंपनी मेटा के CEO मार्क जकरबर्ग ने कहा, "मैंने अपनी कंपनी में कर्मचारियों की संख्या को 13% घटाने और 11,000 से अधिक एंप्लॉयी को कंपनी से जाने देने का फैसला किया है।"

अपडेटेड Nov 09, 2022 पर 11:42 PM
मार्क जकरबर्ग, Facebook की पैरेंट कंपनी मेटा के CEO

Meta Job Cuts: फेसबुक (Facebook) की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) के सीईओ मार्क जकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने बुधवार को कंपनी के करीब 11,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने (Meta Layoffs) का ऐलान किया। यह मेटा (फेसबुक) के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी छंटनी है। इस मौके पर मार्क जकरबर्ग ने कंपनी के सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एक मैसेज शेयर किया। जकरबर्ग ने कहा, "आज मैं मेटा के इतिहास में हमारी तरफ से लिए गए अब तक के सबसे मुश्किल फैसले को आपके साथ शेयर कर रहा हूं। मैंने अपनी कंपनी में कर्मचारियों की संख्या को 13% घटाने और 11,000 से अधिक प्रतिभाशाली कर्मचारियों को कंपनी से जाने देने का फैसला किया है। इसके अलावा हम खुद को अधिक कुशल बनाने के लिए खर्च में कटौती करके और पहली तिमाही के दौरान नई हायरिंग पर लगी रोक को आगे बढ़ाने सहित कई अतिरिक्त कदम भी उठा रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं इन सभी फैसलों और यहां तक हम जिन वजहों से पहुंचे, उसकी जवाबदेही लेना चाहता हूं। मुझे पता है कि यह सभी के लिए कठिन है, और खास तौर से जो लोग इससे प्रभावित हुए हैं, उनके लिए मुझे खेद है।"

Meta को क्यों पड़ी छंटनी की जरूरत?

Mark Zuckerberg ने कहा, "कोरोना महामारी की शुरुआत में, दुनिया तेजी से ऑनलाइन हो गई और ई-कॉमर्स के बढ़ने से रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई। कई लोगों ने भविष्यवाणी की कि यह बढ़ोतरी स्थायी है और महामारी खत्म होने के बाद भी जारी रहेगी। मेरा भी यही अनुमान था, इसलिए मैंने इस दौरान हमारे निवेश को काफी बढ़ाने का फैसला किया। दुर्भाग्य से, यह मेरी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।"


मेटा के CEO ने कहा, "न केवल ई-कॉमर्स, कोरोना महामारी के पहले के स्तर पर लौट आया है। बल्कि व्यापक आर्थिक मंदी, बढ़े हुए कॉम्पिटीशन और कंपनियों की तरफ से विज्ञापन खर्च में कटौती के चलते हमारा राजस्व मेरी उम्मीद से भी बहुत कम हो गया है। मैं पूरी तरह से गलत निकला और मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं।"

यह भी पढ़ें- Nirav Modi Case: जल्द भारत वापस लाया जाएगा भगोड़ा कारोबारी नीरव मोदी, लंदन हाई कोर्ट ने दिया प्रत्यर्पण का आदेश

सभी बिजनेसों का बजट घटा रहे हैं मार्क जकरबर्ग

Zuckerberg ने कहा, "इस नए माहौल में, हमें और अधिक पूंजी कुशल बनने की जरूरत है। हमने अपने अधिकतर संसाधनों को अब उन एरिया में लगाने का फैसला किया है, जहां सबसे अधिक ग्रोथ की संभावनाएं हैं। उदाहरण के लिए- AI डिस्कवरी इंजन, हमारे और विज्ञापन और बिजनेस प्लेटफॉर्म, मेटावर्स के लिए हमारी लंबी अवधि का लक्ष्य, आदि।"

उन्होंने कहा, "हमने अपने सभी बिजेनेसों की लागत को घटाया है। इसमें बजट में कमी करना, एंप्लॉयी के भत्तों को कम करना और रियल एस्टेट में अपनी मौजूदगी को कम करना शामिल है। हम अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए टीमों का नए सिरे से बना रहे हैं। लेकिन सिर्फ इन उपायों के जरिए ही हम अपने खर्च को, रेवेन्यू ग्रोथ के मुताबिक नहीं ला सकते हैं। ऐसे में मुझे लोगों को कंपनी से बाहर करने का कठिन फैसला लेना पड़ा।"

छंटनी वाले कर्मचारियों को मिलेगी 18 हफ्ते की एडवांस सैलरी

मेटा के CEO ने कहा, "छंटनी का कोई अच्छा तरीका नहीं है, लेकिन हम आपतक इससे जुड़ी सभी जानकारियों को जल्द से जल्द पहुंचाने की उम्मीद करते हैं और उसके बाद इस प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए हम जो कुछ भी कर सकते हैं वह करेंगे। छंटनी में शामिल सभी कर्मचारियों को जल्द ही एक ईमेल मिलेगा।"

जकरबर्ग ने बताया कि नौकरी से निकाले जाने वाले कर्मचारियों को करीब 18 हफ्ते की एडवांस सैलरी दी जाएगी। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को दिया गया हेल्थ इंश्योरेंस अगले 6 महीने तक जारी रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।