भारतीय रेलवे को देश की लाइफ लाइन कहा जाता है। इसलिए इससे जुड़े नियमों का हम सभी को पालन करना चाहिए। आमतौर पर लंबी दूरी के लिए लोग ट्रेन के जरिए सफर करना आरामदायक समझते हैं। रोजाना करोड़ों की संख्या में यात्री भारतीय ट्रेनों में सफर करते हैं। यात्रियों को सफर करते समय किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए भारतीय रेलवे ने कई नियम बना रखे हैं। हालांकि, भारतीय ट्रेनों में सफर करने के लिए आपके पास ट्रेन टिकट का होना जरूरी है। इसी वजह से ट्रेन में सफर करने से पहले यात्रियों को टिकट खरीदना जरूरी होता है। ट्रेन टिकट के जरिए कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं।
कई ऐसे रेल यात्री हैं, जिन्हें सिर्फ इतना मालूम है कि ट्रेन के टिकट से सफर कर सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है, सफर करने के अलावा भी रेलवे की ओर से कई तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। जिनका फायदा उठा सकते हैं। अगर आप भी इस बारे में नहीं जानते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है।
कंफर्म टिकट पर मिलती हैं ये सुविधाएं
ट्रेन के टिकट के जरिए कई सुविधाओं का फायदा उठा सकते हैं। अगर आपके पास ट्रेन का कंफर्म टिकट है और आपको रहने के लिए होटल चाहिए तो ऐसे में आप आईआरसीटीसी की डॉरमेट्री यूज कर सकते हैं। काफी सस्ते यानी की 150 रुपये तक में बेड ले सकते हैं। यह 24 घंटे के लिए ही मान्य होता है। भारतीय रेलवे में एसी 1, 2 और 3 में तकिया, चादर और कंबल यह सब फ्री में मिलता है। गरीब रथ में भी ये सारी सुविधाएं फ्री में मुहैया कराई जाती हैं। एसी में अगर आपको यह चीज नहीं मिलती है तो ट्रेन का टिकट दिखाकर इन चीजों को एक्सेस कर सकते हैं। इसके लिए अलग से पैसे नहीं देना होता है।
बीमार होने पर मेडिकल सुविधा
ट्रेन में सफर करते समय अगर आप बीमार हो जाते हैं या गलती से कहीं चोट लग जाती है। इस स्थिति में आप प्राथमिक चिकित्सा की मांग कर सकते हैं। इसके लिए आपको RPF जवान को सूचना देनी होगी। इसके अलावा आप 139 नंबर पर कॉल करके भी फर्स्ट एड की सुविधा की मांग कर सकते हैं।
ट्रेन लेट होने पर मिलता है खाना
अगर आपने टिकट राजधानी, दुरंतो या फिर शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेन में लिया है। ट्रेन 2 घंटे से अधिक लेट होती है। तब ऐसी स्थिति में IRCTC की कैंटीन की तरफ से फ्री में खाना दिया जाता है। अगर आपको भोजन नहीं दिया जाता है तो आप 139 नंबर पर डायल करके शिकायत भी कर सकते हैं।