मध्य प्रदेश: जबलपुर के प्राइवेट अस्पताल में लगी भीषण आग, 10 लोगों की मौत, कई झुलसे

एक अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अस्पताल में शॉट सर्किट के कारण आग लगी है। आग ग्राउंड फ्लोर से थर्ड फ्लोर तक फैल गई। घटना में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और 9-10 लोगों की मौत हो चुकी है

अपडेटेड Aug 01, 2022 पर 5:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी

मध्य प्रदेश के जबलपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस भीषण हादसे में 9 से 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग झुलस गए हैं। आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। जबलपुर में स्थित न्यू लाइफ मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में सोमवार दोपहर के समय आग लग गई।

जबलपुर के मुख्य पुलिस अधीक्षक अखिलेश गौर ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अस्पताल में शॉट सर्किट के कारण आग लगी है। आग ग्राउंड फ्लोर से थर्ड फ्लोर तक फैल गई।

वहीं, जबलपुर के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि जबलपुर के न्यू सिटी हाउस अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 9-10 लोगों की मृत्यु हुई है।


ये भी पढ़ें- Sanjay Raut Arrest: पात्रा चॉल घोटाले में गिरफ्तार संजय राउत 4 अगस्त तक ED कस्टडी में भेजे गए

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो धमाके के साथ लगी भीषण आग इतनी भयावह थी कि धीरे-धीरे उसने पूरे अस्पताल को अपनी आगोश में ले लिया। इस दौरान घबराए कर्मचारी, डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच भगदड़ का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, "जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाये रखने के लिए निर्देश दिया है। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।"

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ।। ॐ शांति ।।"

सीएम ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।

वहीं, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमनाथ ने ट्वीट कर कहा, "जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।