Jawed Habib: हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब को महिला के बालों में थूकना पड़ा भारी, FIR दर्ज, बाद में हरकत के लिए मांगी माफी

जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है

अपडेटेड Jan 07, 2022 पर 10:33 AM
मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ने एक सेमिनार में महिला के बालों में थूक दिया था

Jawed Habib Controversy: जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश पुलिस से उस कथित वीडियो की सत्यता की जांच करने को कहा है जिसमें जानेमाने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब (Jawed Habib) को एक महिला के बाल पर थूकते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा यूपी में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हेयर स्टाइलिस्ट के खिलाफ मामले में मुजफ्फरनगर में केस दर्ज हुआ है।

बता दें कि जावेद ने एक सेमिनार में महिला के बालों में थूक दिया था। यह घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित एक सेमिनार के दौरान की है। जावेद का वीडियो वायरल होने के बाद महिला ब्‍यूटिशियन की शिकायत पर मंसूरपुर थाने में मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा महामारी अधिनियम संबंधी धाराओं में दर्ज किया गया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान


वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में हस्‍तक्षेप किया। आयोग ने उत्तर प्रदेश पुलिस को लिखे पत्र में कहा कि आयोग ने इस घटना का बहुत गंभीरता से संज्ञान लिया है। वह इसकी न सिर्फ कड़ी निंदा करता है, बल्कि इसमें आपका तत्काल दखल चाहता है ताकि कानून के अनुसार इस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा सके। महिला आयोग के मुताबिक, यह घटना केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी कोविड संबंधी दिशानिर्देशों का भी उल्लंघन है और ऐसे में लोगों के बीच थूकना दंडनीय अपराध भी है।

डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने वापस लिया Colgate के खिलाफ आंदोलन, मांगे पूरी करने के लिए 3 महीने का दिया समय

अधिकारियों के अनुसार आयोग जावेद हबीब को भी सुनवाई के लिए एक नोटिस भेजेगा। प्रसिद्ध हेयर स्टाइलिस्ट, हबीब पूरे भारत में 115 शहरों में 850 से अधिक सैलून और लगभग 65 हेयर अकादमियों का संचालन करते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जावेद महिला के बाल पर थूक रहे हैं और यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि ‘जब पानी की कमी हो तो थूक का इस्तेमाल करिए।’ इसमें वहां मौजूद लोग हंसते देखे जा सकते हैं।

बाद में मांगी माफी

हालांकि, स्टाइलिस्ट ने बाद में इस हरकत के लिए माफी मांग ली। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि मेरे द्वारा बोले गए कुछ शब्दों ने लोगों को आहत किया है। मैं एक बात कहना चाहता हूं कि ये पेशेवर सेमिनार हैं और लंबे कार्यक्रम हैं और जब वे लंबे होते हैं, तो हमें उन्हें हास-परिहास वाला बनाना पड़ता है। मैं क्या कह सकता हूं? अगर आपको सच में ठेस पहुंची है तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझे माफ कर दें।

सोशल मीडिया पर लोगों ने साधा निशाना

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने हबीब पर निशाना साधा। पूजा गुप्ता नाम की इस महिला का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा कि कल मैं जावेद हबीब की कार्यशाला में गई थी। उन्होंने बाल काटने के लिए मंच पर बुलाया। इसके बाद उन्होंने यह किया। अब मैं सड़क किनारे बाल कटवा लूंगी, लेकिन हबीब के पास नहीं जाऊंगी।

गुप्ता ने कहा कि वह मेरे सवालों का जवाब नहीं दे रहे थे। फिर उन्होंने मेरे सिर को धक्का दिया, मैंने विरोध किया और कहा कि मुझे सर्वाइकल की समस्या है। फिर उन्होंने मेरे बालों पर दो बार थूका और कहा कि अगर तुम्हारे पार्लर में पानी नहीं है तो तुम थूक सकते हो। मेरे पति वीडियो बना रहे थे। मेरे मंच से नीचे आने के बाद, हबीब के सहायक ने मुझसे कहा कि वह मजाक कर रहे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।