केरल के कोच्ची में देश की पहली वॉटर मेट्रो की शरुआत की जा चुकी है। इस वाटर मेट्रो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई। हालांकि यात्रियों के लिए देश की पहली वॉटर मेट्रो की सर्विस बुधवार को शुरू की गई थी और इस दौरान इसमें 6,559 यात्रियों ने सवारी का लुत्फ उठाया। आइये जान लेते हैं कि क्या है कोच्ची में चलने वाली भारत की पहली वॉटर मेट्रो की टाइमिंग।
क्या है वॉटर मेट्रो की टाइमिंग
कोच्ची में चलने वाली भारत की पहली वॉटर मेट्रो सुबह 7 बजे से शुरू होगी और रात को 8 बजे बंद होगी। हाई कोर्ट-वायपिन रूट पर दोनों टर्मिनल से हर 15 मिनट में 'वॉटर मेट्रो' चलती थी। कोच्चि के द्वीपों को जोड़ने वाली अपनी तरह की अनूठी परियोजना कोच्चि वाटर मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में किया था।
किन रूट्स पर चलाई जा रही है ये वॉटर मेट्रो
शुरुआती दौर में वॉटर मेट्रो के तौर पर आठ आठ इलेक्ट्रिक-हाइब्रिड बोट्स दो वॉटर रूटों पर चलाई जा रही हैं। इनमें से पहली वॉटर मेट्रो हाई कोर्ट से वाइपिन के बीच और दूसरी व्याटिला-कक्कनाड के बीच चलाई जा रही है। बुधवार को हाईकोर्ट-वायपिन रूट पर सेवा शुरू हुई और व्यट्टीला-कक्कनाड रूट पर गुरुवार से सेवा शुरू कर दी गई है।
हाई कोर्ट-वाइपिन रूट के लिए सिंगल जर्नी टिकट का किराया 20 रुपये है। वायटीला-कक्कनाड रूट का किराया 30 रुपये होगा। सिंगल-जर्नी टिकट के अलावा, कोच्चि वाटर मेट्रो के लिए वीकली, मंथली और तीन महीनों के लिए पास भी बनवाए जा सकते हैं। 12 ट्रिप वाले साप्ताहिक ट्रिप पास की कीमत 180 रुपये है, जबकि मासिक ट्रिप पास 30 दिनों के लिए वैध है, जिससे 600 रुपये की कीमत पर 50 ट्रिप हो जाते हैं। तिमाही पास (3 महीने) की कीमत 1,500 रुपये है और इससे यात्री 90 दिनों की अवधि के भीतर 150 ट्रिप का लाभ उठा सकेंगे। कोच्ची वाटर मेट्रो में यात्रा करने के लिए लोग 'कोच्चि वन कार्ड' का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। मोबाइल क्यूआर टिकट कोच्चि वन ऐप के जरिए बुक किया जा सकता है।