लालू को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के AIIMS में कराया गया भर्ती, PM मोदी के बाद नीतीश ने भी जाना RJD प्रमुख का हाल

पटना के अस्पताल में लालू प्रसाद के कंधे समेत तीन जगह फ्रैक्चर का शुरुआती इलाज किया गया है। वह अपने घर में गिर पड़े थे, जिस वजह से उन्हें ये फ्रैक्चर हुए हैं

अपडेटेड Jul 07, 2022 पर 10:26 AM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को लालू की कुशलक्षेम जानने के लिए पटना के अस्पताल पहुंचे

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को बुधवार रात राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित देश के प्रमुख अस्पताल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। उन्हें एयर एंबुलेंस से पटना के एक अस्पताल से एम्स लाया गया। पटना के अस्पताल में प्रसाद के कंधे समेत तीन जगह फ्रैक्चर का शुरुआती इलाज किया गया है। वह अपने घर में गिर पड़े थे, जिस वजह से उन्हें ये फ्रैक्चर हुए हैं।

बिहार के 74 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री के साथ डॉक्टरों की एक टीम, उनकी एमबीबीएस डॉक्टर बेटी एवं राज्यसभा सदस्य मीसा भारती साथ थीं। उनकी पत्नी राबड़ी देवी और छोटे बेटे तेजस्वी यादव दिन में दिल्ली आ गए थे। सूत्रों के मुताबिक लालू प्रसाद को रात करीब 9:35 बजे एम्स में भर्ती कराया गया।

इससे पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने बताया कि अपने घर में गिरने की वजह से प्रसाद के कंधे समेत तीन जगह ‘फ्रैक्चर’ हो गया है। उनका शरीर जाम हो गया है और वह ज्यादा हिल-डुल नहीं पा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रसाद को सोमवार को तबियत बिगड़ने के बाद पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वह घर पर गिर पड़े थे और चोटिल हो गए थे।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को लालू की कुशलक्षेम जानने के लिए पटना के अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंगलवार को लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।

प्रसाद की पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी बुधवार को दिल्ली पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि उनकी (प्रसाद) की सेहत अब थोड़ी बेहतर है। RJD कार्यकर्ताओं और प्रसाद के समर्थकों को दिए संदेश में राबड़ी देवी ने कहा कि चिंता मत कीजिए, उनका इलाज किया जा रहा है और वह स्वस्थ हो जाएंगे। सब उनके लिए प्रार्थना करें कि वह जल्द स्वस्थ हों।

चारा घोटाला मामलों में जमानत पर रिहा लालू ने पिछले महीने झारखंड हाई कोर्ट से गुर्दा प्रतिरोपण के लिए विदेश, खासकर सिंगापुर जाने की इजाजत ली थी। यह पूछे जाने पर कि क्या सिंगापुर जाना संभव होगा, तो तेजस्वी ने कहा कि अगर दो-चार हफ्ते में वह अंतरराष्ट्रीय यात्रा कर सकते हैं तो हम उन्हें सिंगापुर ले जा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।