Layoff News: टेक सेक्टर में छंटनी की मार अभी तक थमी नहीं हैं और एंप्लॉयीज सहमे हुए हैं। गूगल (Google) ने हाल ही में 12000 एंप्लॉयीज की छंटनी की थी लेकिन दिग्गज अरबपति हेज फंड मैनेजर Christopher Hohn करीब 38 हजार एंप्लॉयीज को और कंपनी से बाहर निकालने की सिफारिश कर रहे हैं। खास बात ये है कि अल्फाबेट (Alphabet) के सीईओ सुंदर पिचाई को अतिरिक्त छंटनी की सलाह देने वाले क्रिस की पिछले साल 2022 में हर दिन 15 लाख पौंड (15.07 करोड़ रुपये) की कमाई हुई थी। उनकी नेटवर्थ करीब 790 करोड़ डॉलर (64458.90 करोड़ रुपये) है। इसके अलावा क्रिस ने गूगल एंप्लॉयीज की सैलरी को काफी अधिक बताया है। क्रिस ने उम्मीद जताई है कि इन मामलों में पिचाई से आगे बातचीत होगी।
कौन हैं Google CEO को पत्र लिखने वाले Chris Hohn
Chris Hohn चिल्ड्रेन्स इनवेस्टमेंट फंड मैनेजमेंट (TCI) के फाउंडर हैं। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट में उनकी हिस्सेदारी है। अल्फाबेट में उनकी हिस्सेदारी करीब 600 करोड़ डॉलर की है। ऐसे में कंपनी के निवेशक होने के नाते उन्होंने अल्फाबेट के सीईओ पिचाई को लेटर लिखा कि गूगल ने पिछले साल जमकर हायरिंग की जिसके चलते सिर्फ 12 हजार की छंटनी से काम नहीं चलेगा। क्रिस का यह लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्रिस ने लिखा है कि अल्फाबेट की लागत घटाने के लिए छंटनी का फैसला सही दिशा में लिया गया कदम है। क्रिस के मुताबिक वह पहले भी कंपनी को बताते रहे हैं कि जरूरत से ज्यादा हायरिंग हो गई है। पिछले पांच साल में अल्फाबेट के एंप्लॉयीज की संख्या दोगुने से अधिक बढ़ गई। इसने एक लाख से अधिक एंप्लॉयीज की भर्ती की जिसमें से 30 हजार तो अकेले 2022 के शुरुआती नौ महीने में हायर हुए हैं। क्रिस के मुताबिक 12 हजार की छंटनी से बात नहीं बनेगी और अतिरिक्त छंटनी कर टोटल एंप्लॉयीज को करीब डेढ़ लाख तक लाया जाना चाहिए। वर्ष 2021 के आखिरी में कंपनी में करीब इतने ही एंप्लॉयीज थे।
क्रिस ने आगे लिखा कि गूगल एंप्लॉयी की वर्ष 2021 में मीडियन सैलरी 3 लाख डॉलर थी जो काफी अधिक थी। इसके अलावा औसत सैलरी तो इससे भी अधिक है। क्रिस का कहना है कि अब टेक सेक्टर में टैलेंट की कमी नहीं है तो कंपनी हर एंप्लॉयी पर अपने खर्च को कम करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया है कि शेयरों की कमजोर हालत को देखते हुए स्टॉक आधारित मुआवजे की सीमित करना चाहिए।