Madhya Pradesh Crime News: मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जबलपुर से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में रेप के एक आरोपी ने पीड़िता और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद फिर खुद को भी चाकू मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना को बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक अधिकारी ने बताया कि जबलपुर में गुरुवार रात जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़िता और उसकी मां पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और फिर चाकू घोंपकर खुद को बाथरूम में बंद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को बाथरूम से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़िता और उसकी मां का फिलहाल इलाज चल रहा है। रांझी थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के मुताबिक, अमखेरा निवासी 18 वर्षीय युवती ने गोहलपुर थाने में 26 वर्षीय आरोपी के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, छह महीने बाद आरोपी को मामले में जमानत मिल गई। जेल से बाहर आने के कुछ महीने बाद पीड़िता के परिवार ने शिकायत की थी कि आरोपी उन पर समझौते का दबाव बना रहा है, जिसके बाद आरोपी को फिर से जेल भेज दिया गया। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था। गुरुवार की रात पीड़िता अपनी मां और बहन के साथ घर पर थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उन पर मामला सुलझाने का दबाव बनाया।
इस दौरान दोनों के बीच हुई कहासुनी में उसने पीड़िता और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। साथ ही पीड़िता की बहन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रही। बाद में बहन ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने अधारताल पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने खुद को चाकू मार लिया और फिर खुद को एक बाथरूम में बंद कर लिया। पुलिस ने घायल मां-बेटी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और बलात्कार के आरोपी को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।