आमतौर पर लोगों की उम्र हमेशा बढ़ती रहती है। लेकिन मध्य प्रदेश में एक नेता जी के साथ इसके ठीक उल्टा मामला सामने आया है। गांव के सरपंच की उम्र पिछले 9 साल में 5 साल घट गई है। इस मामले को जानकर पूरे इलाके के लोग हैरान रह गए। वहीं प्रशासन के लिए यह किसी शोध से कम नहीं है। वैसे भी जैसे – जैसे उम्र बढ़ती है, लोग बुढ़ापे की ओर आगे बढ़ने लगते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक नेता जी की उम्र बढ़ने के बजाय घटती चली जा रही है।
साल 2015 में नेता जी की उम्र 60 साल थी। अब 9 साल में उनकी उम्र 5 साल घटकर 54 साल हो गई है। आखिर नेता की उम्र साल दर साल बढ़ने के बजाय क्यों घट रही है, ये भी बहुत बड़ा रहस्य है। लोग सरकारी सुविधाओं का फायदा उठाने के लिए पता नहीं क्या क्या कर सकते हैं?
नेताजी की उम्र आखिर क्यों घट रही है?
दरअसल, रामसिया लखेर शहडोल जिले के ब्यौहारी ब्लॉक के तहत ग्राम पंचायत बहेरिया के सरपंच हैं। वो पंचायत के ग्राम खढेह के रहने वाले हैं। उनके दस्तावेजों में उनकी उम्र घटती-बढ़ती नजर आ रही है। लखेर ने साल 2015 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन लेने के लिए अप्लाई किया था। जिसमें अपनी जन्मतिथि 20 जुलाई 1955 बताई थी। इसके अनुसार लखेर 60 साल के बुजुर्ग हो चुके थे। इसके साथ ही वो पेंशन के हकदार थे। इसके लिए उन्होंने आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। उनका आधार कार्ड नंबर 669000211146 है। आधार कार्ड में जन्मतिथि 20 जुलाई 1955 दर्ज है। लेकिन लखेर की यह वास्तविक जन्मतिथि नहीं है। कक्षा 12वीं की मार्कशीट में सरपंच रामसिया लखेर की जन्मतिथि 1 जनवरी 1970 दर्ज है।
पेंशन का फायदा उठाने के लिए जन्मतिथि में हेरफेर
अब मार्कशीट के मुताबिक, लेखर की उम्र साल 2015 में 45 साल थी। मौजूदा समय में उनकी उम्र 54 साल है। इसके बावजूद अपात्र होते हुए भी साजिश करके अपनी सही जन्म तिथि छिपाई और आधार कार्ड में गलत जन्मतिथि दर्ज करा लिया। इसके बाद फर्जी तरीके से वृद्धावस्था पेंशन का कई सालों से फायदा उठा रहे हैं।
सरपंच के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई
गांव के लोगों ने आला अफसरों से रामसिया लखेर की सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारियों ने इस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बावजूद अभी तक लखेर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट फाइलों में दफन है। अब गांव के लोगों ने फिर से शिकायत करना शुरू कर दिया है।