अगर आप भी ऑनलाइन घर बैठे अपने लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। वैवाहिक (Matrimony) साइट्स का सहारा लेकर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। जिनमें लोगों को ऐसे ठगा जा रहा है कि उन्हें इसकी भनक भी नहीं लगती है। खासतौर पर महिलाएं इसमें सबसे ज्यादा ठगी का शिकार हुई हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वैवाहिक वेबसाइसट Shaadi.com पर लड़का और लड़की की आपस में मुलाकात हुई। ब लड़की शादी की बात करने लड़के से एक पार्क में मिली तो वो लड़की की स्कूटी लेकर फुर्र हो गया। जब तक लड़की कुछ समझ पाती, तब तक उसे तगड़ा चूना लग चुका था।
चोरी का यह अनूठा किस्सा है, जहां लड़की अपने लिए सात जन्मों का रिश्चा ढूंढ रही थी। वो पल भर में आंखों में धूल झोंक कर फरार हो गया। अब चोरी के ऐसे मामले सुनकर लोगों को शादी की 'बात' से विश्वास भी उठ जाएगा। कब, कहां किसके साथ किस रूप में ठगी हो जाए, कुछ पता नहीं चल पाता है।
Shaadi.com से शुरू हुई शादी की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर की रहने वाली शबनम की मुलाकात Shaadi.com पर एक लड़के से हुई। शबनम की पहले भी शादी हुई थी, लेकिन उसका तलाक हो चुका था। इसके बाद दोबारा शादी करने के लिए उसने Shaadi.com पर अपनी प्रोफाइल बनाई। कुछ दिनों बाद Shaadi.com पर शबनम की मुलाकात सलीम नाम के युवक से ही। सलीम ने बताया था कि वो सरकारी नौकरी करता है। दोनों की बातचीत होने लगी। इसके बाद शबनम और सलीम ने मिलने का प्लान बनाया। लखनऊ के अंबेडकर पार्क में दोनों लोगों का मिलना तय हुआ।
जब दोनों अंबेडकर पार्क में मिले तो सलीम ने कहा कि लाओ तुम्हारी स्कूटी को पार्किग एरिया में खड़ी कर देता हूं। शबनम ने भी स्कूटी की चाभी थमा दी। फिर सलीम स्कूटी पर सवार होकर निकल गया। शबनम काफी देर तक सलीम का इंतजार करती रही। जब सलीम नहीं आया तो काफी देर बाद शबनम को समझ में आया कि उसे तगड़ा चूना लग चुका है। फिर शबनम ने पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस सलीम की तलाश में जुटी हुई है।