Mauni Amavasya 2024: मौनी अमावस्या पर 1.4 करोड़ लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी, श्रद्धालुओं पर आसमान से बरसाए गए फूल

Mauni Amavasya 2024: आज (9 फरवरी) मौनी अमावस्या है। संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे हुए हैं। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मेला प्रशासन ने स्नान घाटों की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई थी। माघ मेले के तीसरे और मुख्य स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर शुक्रवार को करीब दो करोड़ श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने का अनुमान है

अपडेटेड Feb 09, 2024 पर 1:53 PM
Mauni Amavasya 2024: हेलीकाप्टर से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई

Mauni Amavasya 2024: उत्तर प्रदेश की 'संगम नगरी' प्रयागराज (Prayagraj) में मौनी अमावस्या पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 1.40 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान हेलीकाप्टर से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की गई। माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक करीब 1.40 करोड़ लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। अधिकारी ने कहा कि मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं पर आकाश से फूलों की बारिश की गई।

उन्होंने बताया कि गुरुवार मध्यरात्रि 12 बजे से ही जनसैलाब घाटों की तरफ उमड़ा हुआ है। गांव देहात एवं दूसरे जिलों से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए घाटों की लंबाई 6,800 फुट से बढ़ाकर 8,000 फुट कर दी गई है। कुल 12 घाट बनाए गए हैं एवं सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में वस्त्र बदलने की सुविधा स्थापित की गई है।

अधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आतंक रोधी दस्ता (ATS), द्रुत कार्य बल (RAF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें, महिला पुलिसकर्मी, घुड़सवार पुलिस, बम निरोधक दस्ते सभी क्रियाशील हैं।


मेला अधिकारी दयानंद प्रसाद ने बताया कि इसके अलावा, सार्वजनिक शौचालयों की संख्या भी 1800 से बढ़ाकर 6,000 कर दी गई है। 12,000 संस्थागत शौचालयों के साथ मेला क्षेत्र में शौचालयों की कुल संख्या अब 18,000 हो गई है।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ के जवान विभिन्न घाटों पर तैनात किए गए हैं। साथ ही एनडीआरएफ की महिला बचाव कर्मियों की भी तैनाती की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।