Mumbai to Pune Hyperloop Train: महाराष्ट्र सरकार ने हाइपरलूप ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी। यह दुनिया में पहली बार है, जब किसी सरकार ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए हाइपरलूप टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी है। हाइपरलूप तैयार होने के बाद मुंबई-पुणे का सफर महज 25 मिनट में तय हो सकेगा। अभी सड़कमार्ग से यह दूरी 3.5 घंटे में पूरा होता है। मजेदार बात ये है कि फ्लाइट से मुंबई से पुणे जाने पर 45 मिनट का समय लगता है। मुंबई से पुणे की दूरी करीब 148 किलोमीटर है। इसका किराया भी किफायती बताया जा रहा है।
इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ नए रोजगार पैदा होंगे बल्कि आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों को 24000 करोड़ रुपये से ज्यादा के फायदा होने की संभावना जताई जा रही है। यह ट्रेन चुंबकीय तकनीक से लैस पॉड (ट्रैक) पर बुलेट ट्रेन से दोगुनी रफ्तार से चलेगी। वैक्यूम ट्यूब सिस्टम से गुजरने वाली कैप्सूल जैसी हाइपरलूप में यह ट्रेन करीब 1200 किमीप्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
हाइपरलूप ट्रेन का पुणे में चल रहा है ट्रायल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का ट्रायल पुणे में शुरू हो चुका है। इसके लिए 100 मीटर लंबी वैक्यूम ट्यूब बनाई गई है। इसमें ट्रायल चल रहा है और स्पीड को लेकर योजना कारगर साबित हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि साल 2032-33 तक पुणे से मुंबई के बीच हाइपरलूप ट्रेनें चलना शुरू हो जाएगी। हाइपरलूप ट्रेन मुंबई के बीकेसी यानी बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स से शुरू होगी और पुणे के वाकड़ तक जाएगी। यानी करीब 117.5 किमी का सफर तय करेगी। हाइपरलूप ट्रेन के लिए एक सुरंगनुमा रास्ता बनाया जाता है। ताकि ट्रेन में हवा का दबाव न होने की वजह से तेज़ रफ्तार से दौड़ सके। बता दें कि मुंबई-पुणे को हाइपरलूप से जोड़ने के लिए अमेरिकी कंपनी वर्जिन ग्रुप ने महाराष्ट्र सरकार के साथ एक समझौते में हस्ताक्षर किए हैं।
हाइपरलूप ट्रेन का कितना होगा किराया?
कहा जा रहा है कि देश को हाईस्पीड ट्रांसपोर्टेशन की जरूरत है। ऐसे में हाइपरलूप टेक्नोलॉजी इस कमी को पूरा कर सकती है। इसमें लो प्रेशर ट्यूब के जरिए फ्रिक्शन और वाइब्रेशन को कम कर दिया जाता है। जिससे स्पीड काफी बढ़ जाती है। इसका किराया भी फ्लाइट के मुकाबले आधा ही रहेगा। इसे सबसे सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन में से एक माना जाता है। मुंबई से पुणे के बीच हाइपरलूप ट्रेन का किराया 1000 रुपये से लेकर 1,500 रुपये तक ही रहेगा।