राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सांसद अमोल कोल्हे हाल ही में मुंबई ट्रैफिक पुलिस के साथ भिड़ गए। अमोल ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस की तीखी आलोचना करते हुए उन पर उत्पीड़न और संदिग्ध जुर्माना वसूली का आरोप लगाया। सांसद को हाल ही में एक महिला ट्रैफिक अधिकारी ने रोका जिससे उन्हें अपने वाहन के लिए ऑनलाइन जुर्माना भरना पड़ा। अमोल कोल्हे पर 16,900 रुपये के 15 लंबित ई-चालान थे।
पुलिस को वसूली के आते हैं मैसेज
कोल्हे ने एक ट्वीट में अपनी और ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई घटना के बारे में बताया। सांसद के मुताबिक पुलिस अधिकारी के मोबाइल फोन पर एक 'आदेश' था जिसमें कम से कम 20 वाहनों से 25,000 रुपये वसूलने की ओर इशारा किया गया था। इस घटना ने कोल्हे को सरकार और यातायात पुलिस पर सवाल उठाने पर मजबूर किया। उनके मुताबिक प्रशासन का ध्यान ट्रैफिक रेगुलेशन से ज्यादा रेवेन्यू इकट्ठा करने पर है।
ट्रैफिक रेगुलेशन पर नहीं है ध्यान
अमोल कोल्हे ने हाल ही में उनके साथ हुई घटना का जिक्र किया। बताया कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस की एक महिला पुलिस अधिकारी ने उनकी कार रोकी और ऑनलाइन जुर्माना भरने के लिए कहा। कहते हैं कि महिला के मोबाइल की जांच करते समय, मैंने ऑर्डर से जुड़ा एक मैसेज पड़ जिसमें कम से कम 20 वाहनों से ₹25,000 वसूली के बारे में लिखा गया था। कोल्हे ने सरकार और ट्रैफिक पुलिस की आलोचना करते हुए कहा, "मुंबई में 652 ट्रैफिक जंक्शन हैं। 25,000x652 = 1,63,00,000 रुपये प्रति दिन, यानी मुंबई में 1.63 करोड़ रुपये प्रतिदिन वसूला जा रहा है। अन्य शहरों का क्या? अगर विभाग से जुड़े मंत्री और अधिकारी खुलासा करें तो जनता को पता चल जाएगा कि यातायात विभाग का उपयोग ट्रैफिक रेगुलेशन के बजाय वसूली के लिए किया जा रहा है।
मुंबई पुलिस ने खोली अमोल की पोल
कोल्हे के एक्स पर शेयर किए गए वीडियो के बाद, मुंबई ट्रैफिक पुलिस (एमटीपी) ने खुलासा किया कि उनके वाहन पर 15 ई-चालान हैं। सांसद पर कुल 16,900 रुपये का जुर्माना लगा है। एमटीपी ने एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया, "हमारी जांच में, यह पाया गया कि रजिस्ट्रेशन नंबर MH14 FH - - - - वाले आपके वाहन पर 28 दिसंबर 2019 से 2 अक्टूबर 2023 तक महाराष्ट्र की अलग-अलग सड़कों पर जारी किए गए 15 ई-चालान से ₹16,900 का जुर्माना अभी लंबित है।”
जिम्मेदार प्रतिनिधि होने पर उठाए सवाल
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने पोस्ट में ये भी बताया कि इनमें से 12 चालान तेज स्पीड से गाड़ी चलाने के लिए हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने लिखा, "एक जिम्मेदार जन प्रतिनिधि होने के नाते, हमसे सोशल मीडिया पर इस तरह के मैसेज प्रसारित करने से पहले अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करने की उम्मीद की जाती है।” मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने खुलासा किया कि मुंबई में 1.31 करोड़ से अधिक ई-चालान लंबित हैं। 1 जनवरी, 2019 से 685 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना जमा हुआ है। एमटीपी ने यातायात अनुशासन को लागू करने के प्रयास के रूप में अपने जुर्माने से जुड़े अभियान पर भी प्रकाश डाला है।