Credit Cards

Tata Nexon EV : चार्जिंग की समस्या से परेशान कस्टमर ने कहा - प्लीज वापस ले लो मेरी कार, जानिए पूरा मामला

वर्तमान समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल के साथ एक बड़ी समस्या पर्याप्त चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का ना होना है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को चार्जिंग से जुड़ी समस्या आ रही है। इसके चलते टाटा मोटर्स की कस्टमर Carmelita Fernandes को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है

अपडेटेड May 24, 2023 पर 4:34 PM
Story continues below Advertisement
देश में इलेक्ट्रिक कारों की लोकप्रियता तेजी के साथ बढ़ रही है।

Tata Nexon EV : देश में इलेक्ट्रिक कारों की लोकप्रियता भले ही तेजी के साथ बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही कस्टमर्स को कई तरह की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल के साथ एक बड़ी समस्या पर्याप्त चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का ना होना है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को चार्जिंग से जुड़ी समस्या आ रही है। इसके चलते टाटा मोटर्स की कस्टमर Carmelita Fernandes को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है। उन्होंने इससे परेशान होकर कंपनी से कार वापस लेने की गुजारिश भी की है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

क्या है मामला

दरअसल, मुंबई की Carmelita Fernandes के पास टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक कार Tata Nexon EV है, जो कि एक बेहद पॉपुलर मॉडल है। इस कार के साथ Carmelita का एक्सपीरियंस बेहद खराब रहा है। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इतना ही नहीं, उन्होंने कंपनी से कार वापस लेने की मांग भी की है। हालांकि, Carmelita टाटा मोटर्स की कस्टमर सर्विस के बारे में शिकायत करने वाली पहली ग्राहक नहीं हैं।


सोशल मीडिया पर की शिकायत

Carmelita Fernandes सोशल मीडिया पर अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि उन्हें Nexon EV कार के साथ कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। Carmelita ने बताया कि हाल ही में उन्होंने मुंबई से पुणे के बीच लगभग 160 किलोमीटर की दो यात्राएं कीं। सड़क के एक बड़े हिस्से में घाट है जो बैटरी लेवल को काफी कम कर देता है। इसलिए, पुणे और मुंबई के बीच कार को चार्ज करना जरूरी हो जाता है। Tata Nexon Prime में 312 किमी की रेंज का दावा है।

Carmelita ने ट्वीट करते हुए कहा, "पहली यात्रा में बैटरी से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसे रूद्रा मोटर्स द्वारा रिप्लेस किया गया। दूसरे ट्रिप में फूड मॉल और तुरबे में लगे टाटा चार्जिंग स्टेशन काम नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा, Zconnect स्मार्टफोन ऐप भी सपोर्ट नहीं कर रहा है। टाटा का टोल फ्री नंबर भी काम नहीं कर रहा है। प्लीज, मेरी कार वापस ले लें।"

Tata Nexon EV Prime

Tata Nexon EV Prime कार में 30.2kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है, 127bhp और 245 Nm का टार्क जनरेट करता है। कंपनी के अनुसार यह कार 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार केवल 9.9 सेकंड में हासिल कर सकती है। साथ ही इसमें ड्राइव और स्पोर्ट सहित दो ड्राइव मोड दिए गए हैं। इसे पांच वेरिएंट में पेश किया गया है, जिसकी कीमत 14.99 लाख (एक्स-शोरूम) रुपये से शुरू होती है। नेक्सॉन ईवी प्राइम एक बार चार्ज करने पर 312 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। कंपनी इसकी बैटरी और मोटर पर आठ साल या 1.60 लाख किलोमीटर की वॉरंटी भी दे रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।