Nike Layoffs: स्पोर्ट्सवियर बनाने वाली दुनिया की जानी-मानी कंपनी नाइकी में भी अब छंटनी होने जा रही है। कंपनी के करीब 1,600 कर्मचारियों की नौकरी पर तलवार लटक गई है। नाइकी ने छंटनी का यह फैसला ऐसे समय में किया है, जब 2023 में उसका मुनाफा कमजोर रहा था। कंपनी ने कहा कि अब वह अपनी लागत को घटाने के लिए 1,600 से अधिक कर्मचारियों की कटौती करेगी। यह इसके कुल कर्मचारियों की संख्या का करीब 2 प्रतिशत है। नाइकी की ग्लोबल समकक्ष कंपनियों एडिडास (Adidas), प्यूमा (Puma) और जेडी स्पोर्ट्स (JD Sports) ने भी इस साल कमजोर कमाई की चेतावनी दी है और उनका कहना है कि उपभोक्ताओं ने गैर-जरूरी खर्चों में कटौती की है।
नाइकी ने अगले 3 सालों के दौरान करीब 2 अरब डॉलर के बचाने की योजना का खाका भी पेश किया है। इसके लिए कंपनी कुछ उत्पादों की सप्लाई को मजबूत करने, अपनी सप्लाई चेन में सुधार करने, मैनेजमेंट लेयर्स में कटौती और ऑटोमेशन को बढ़ावा देने जैसे कदम उठाएगी।
कंपनी ने यह भी घोषणा की थी कि तीसरी तिमाही में बाहर जाने वाले कर्मचारियों को उचित मुआवजा देने में करीब 40 से 45 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। 31 मई, 2023 तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, नाइकी के पास लगभग 83,700 कर्मचारी थे।
नाइकी में छंटनी की खबर सबसे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दी थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि शुक्रवार से शुरू होने की उम्मीद है और दूसरा चरण चालू तिमाही के अंत तक पूरा हो जाएगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि छंटनी का स्टोर और डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों या इसकी इनोवेशन टीम के कर्मचारियों पर कोई असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।
layoffs.fyi के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अब तक 154 कंपनियों ने 39,496 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इस बीच, बुधवार को आधिकारिक आंकड़ों से पता चला कि ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 2023 की दूसरी छमाही में मंदी में प्रवेश कर गई। दूसरी तिमाही में उसकी जीडीपी में 0.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।